रांची ट्रैफिक पुलिस को दुरुस्त करने जेआरजी बैंक ने सीएसआर फंड से बैरिकेटिंड और छतरी का किया वितरण

रांची: राजधानी की ट्रैफिक व्यवस्था को और बेहतर बनाने तथा ड्यूटी में तैनात ट्रैफिक जवानों को सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सीएसआर फंड से झारखंड राज्य ग्रामीण बैंक ने सराहनीय पहल की है। शुक्रवार को आयोजित एक कार्यक्रम में बैंक की ओर से रांची ट्रैफिक पुलिस को 100 बैरिकेडिंग और 200 छतरियां प्रदान की गईं।
कार्यक्रम के दौरान झारखंड राज्य ग्रामीण बैंक के अध्यक्ष मदन मोहन बरियार स्वयं मौजूद रहे। उन्होंने ट्रैफिक एसपी राकेश सिंह को प्रतीकात्मक रूप से सामग्री सौंपी। मौके पर बैंक के कई वरिष्ठ अधिकारी और पुलिस विभाग के पदाधिकारी भी उपस्थित थे।
ट्रैफिक एसपी राकेश सिंह ने बैंक का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ट्रैफिक पुलिसकर्मी दिन-रात सड़क पर तैनात रहते हैं। भीषण धूप, बारिश और ठंड जैसी परिस्थितियों में भी वे जनता की सुविधा और सुरक्षा के लिए ड्यूटी करते हैं। ऐसे में छतरियां उनके लिए एक बड़ी राहत साबित होंगी। वहीं बैरिकेडिंग मिलने से सड़क पर यातायात नियंत्रण और भी सख्ती से और व्यवस्थित तरीके से किया जा सकेगा। उन्होंने कहा कि इस तरह की पहल से ट्रैफिक पुलिस का मनोबल भी बढ़ता है।
वहीं, बैंक के अध्यक्ष मदन मोहन बरियार ने कहा कि झारखंड राज्य ग्रामीण बैंक हमेशा समाजहित के कार्यों में आगे रही है। कॉर्पोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (सीएसआर) के तहत बैंक समय-समय पर जनहित में सहयोग करती रहती है। उन्होंने कहा, “आज रांची ट्रैफिक पुलिस को 200 छतरियां और 100 बैरिकेडिंग दिए गए हैं। इसी तरह भविष्य में भी जरूरत के अन्य सामान बैंक की ओर से प्रदान किए जाएंगे।”
इस अवसर पर मौजूद अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी बैंक की इस पहल की सराहना की। उनका कहना था कि इस तरह के कदम से पुलिस और समाज के बीच बेहतर तालमेल स्थापित होता है और समाज में संस्थानों की सकारात्मक भूमिका भी स्पष्ट होती है।
रांची ट्रैफिक पुलिस के जवानों ने भी इस सहयोग पर खुशी जताई और कहा कि इससे उन्हें प्रतिकूल मौसम में ड्यूटी करने में काफी सुविधा होगी। बैरिकेडिंग मिलने से न सिर्फ सड़क दुर्घटनाओं पर नियंत्रण में मदद मिलेगी बल्कि जाम की समस्या को भी कम करने में आसानी होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *