उपराष्ट्रपति चुनाव में झामुमो का रुख साफ,इंडिया गठबंधन के उम्मीदवार बी. सुदर्शन रेड्डी को मिलेगा समर्थन

रांची : आगामी उपराष्ट्रपति चुनाव को लेकर झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने अपना पत्ता खोल दिया है। पार्टी ने साफ कर दिया है कि वह इंडिया गठबंधन के उम्मीदवार और सुप्रीम कोर्ट के पूर्व न्यायाधीश बी. सुदर्शन रेड्डी का समर्थन करेगी। झामुमो का यह कदम विपक्षी गठबंधन इंडिया के लिए मजबूती का संकेत माना जा रहा है।

झामुमो के केंद्रीय महासचिव सह प्रवक्ता सुप्रियो भट्टाचार्य ने गुरुवार को प्रेसवार्ता कर कहा, “हमारी पार्टी हमेशा लोकतांत्रिक मूल्यों और संवैधानिक संस्थाओं की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध रही है। इसी सोच और विचारधारा के तहत सर्वसम्मति से फैसला लिया गया है कि झामुमो उपराष्ट्रपति चुनाव में इंडिया गठबंधन के उम्मीदवार का साथ देगा।”

गौरतलब है कि उपराष्ट्रपति चुनाव में इंडिया गठबंधन ने न्यायपालिका के वरिष्ठ और सम्मानित चेहरे बी. सुदर्शन रेड्डी को मैदान में उतारा है। वहीं, सत्ता पक्ष एनडीए ने भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व राज्यपाल सी. पी. राधाकृष्णन को उम्मीदवार बनाया है। दोनों के बीच कांटे की टक्कर मानी जा रही है।

विश्लेषकों का मानना है कि झामुमो का यह समर्थन विपक्ष के लिए राजनीतिक और मनोबल की दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण है।

झामुमो झारखंड की सत्ता में एक मजबूत घटक है।राज्य की राजनीति में पार्टी का असर निर्णायक माना जाता है।झामुमो की मौजूदगी विपक्षी खेमे को राष्ट्रीय स्तर पर मजबूती प्रदान करती है।

भट्टाचार्य ने भाजपा पर सीधा हमला बोलते हुए कहा कि मौजूदा केंद्र सरकार लगातार लोकतांत्रिक परंपराओं को कमजोर करने का काम कर रही है। उन्होंने कहा, “2014 के बाद से संविधान और संस्थाओं पर लगातार प्रहार किया गया है। ऐसे में बी. सुदर्शन रेड्डी जैसे संवैधानिक मूल्यों से जुड़े चेहरे को उपराष्ट्रपति पद तक पहुंचाना बेहद जरूरी है।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *