झारखंड आंदोलनकारियों को मिला सम्मान, आलोक कुमार दुबे और डॉ. राजेश गुप्ता को किया गया सम्मानित

रांची: झारखंड की अस्मिता, संघर्ष और स्वाभिमान की पहचान रहे झारखंड आंदोलनकारियों को एक बार फिर उनके योगदान के लिए सम्मानित किया गया। बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम, मोरहाबादी में आयोजित एक गरिमामय समारोह में विभिन्न खेल संघों के पदाधिकारियों एवं खिलाड़ियों ने झारखंड आंदोलनकारी चिन्हित कांग्रेस नेता आलोक कुमार दूबे एवं डॉ. राजेश गुप्ता को विशेष रूप से सम्मानित किया।
प्रदेश कांग्रेस महासचिव एवं झारखंड आंदोलन के अग्रणी योद्धा आलोक कुमार दूबे तथा समाजसेवी डॉ. राजेश गुप्ता को झारखंड आंदोलनकारी के रूप में चिन्हित किए जाने के उपलक्ष्य में सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के दौरान उपस्थिति लोगों ने तालियों की गड़गड़ाहट और जयघोष के साथ दोनों आंदोलनकारियों का अभिनंदन किया एवं फूलों से लाद दिया।
झारखंड के अलग राज्य की लड़ाई में अहम भूमिका निभाने वाले आलोक कुमार दूबे एवं डाॅ राजेश गुप्ता ने आंदोलन के दौरान कई बार लाठियां खाईं, गिरफ्तारी दी और जेल यात्रा भी की। वे सर्वदलीय अलग राज्य निर्माण समिति के गठन में एक केंद्रीय स्तंभ के रूप में सक्रिय रहे। आंदोलन के उस कठिन दौर की यादें साझा करते हुए आलोक दूबे ने कहा,
“यह सम्मान न केवल मेरे लिए है, बल्कि उन हजारों साथियों के संघर्ष का प्रतीक है जिन्होंने झारखंड के सपने को साकार करने के लिए अपने जीवन का प्रत्येक क्षण समर्पित कर दिया। यह राज्य हमारे बलिदानों की नींव पर खड़ा हुआ है। मैं झारखंड सरकार और मुख्यमंत्री से आग्रह करता हूं कि जिन-जिन आयोगों द्वारा झारखंड आंदोलनकारियों की पहचान की गई है, उन्हें पूरी गरिमा और सम्मान के साथ राज्य स्तर पर उचित मान्यता दी जाए। यह न केवल हमारे सम्मान का विषय है, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत भी बनेगा।”

इस अवसर पर विभिन्न खेल संगठनों से जुड़े प्रतिनिधियों ने भी आंदोलनकारियों के योगदान को याद करते हुए उन्हें सच्चा नायक बताया और कहा कि ऐसे योद्धाओं का सम्मान पूरे समाज का दायित्व है।
सम्मान समारोह का संचालन कबड्डी संघ के पदाधिकारी हरीश कुमार ने किया।
इस अवसर पर प्रभाकर कुमार, प्रदीप तिर्की, सुरेंद्र पासवान, विजय वर्मा, उमेश दास, राजू साहू, शिव रमन, कर्मवीर उरांव, शम्मी सिंह, रामप्रसाद, कुणाल कुशवाहा, तपन रावत, विकी शर्मा, बीरबल लोहरा, मेहुल दुबे, अंकित यादव, आयुष सिंह, सुजल केशरी, राकेश सिंह, नीरज कुमार, आर्यन राज और सूर्योतम कुमार सहित अनेक गणमान्य लोग एवं खेल जगत की हस्तियां मुख्य रूप से उपस्थित रहीं।
डाॅ राजेश गुप्ता ने कहा झारखंड के लिए लड़ी गई यह ऐतिहासिक लड़ाई आज भी प्रेरणास्रोत है और ऐसे आयोजनों के माध्यम से यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि झारखंड आंदोलन की गाथा भावी पीढ़ियों तक जीवंत बनी रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *