जदयू नेता परवेज सिद्दीकी और पूर्व विधायक सुरेश चंचल ने थामा कांग्रेस का हाथ
पटना: प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय सदाकत आश्रम में आयोजित मिलन समारोह में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम के हाथों जनता दल यूनाइटेड के पूर्व विधायक सुरेश चंचल एवं हाजी मो परवेज सिद्दीकी ने कांग्रेस का हाथ थाम लिया।
जदयू सलाहकार समिति के सदस्य, चेयरमैन राष्ट्रीय अल्पसंख्यक आरक्षण मोर्चा, मदरसा शिक्षा आधुनिकीकरण के अध्यक्ष और इस्लामिक स्कॉलर हाजी मो परवेज सिद्दीकी ने भी आज अपने समर्थकों के साथ कांग्रेस पार्टी की विधिवत सदस्यता ग्रहण की। उन्होंने कहा कि वक्फ संशोधन कानून पर जनता दल यूनाइटेड और नीतीश कुमार की भाजपा को समर्थन वाली स्टैंड से मुलायम जगत में भारी विरोध है। लेकिन सत्ता लोभ में वें लगातार भाजपा के गोद में बैठे हैं। जनता दल यूनाइटेड में रहकर सामाजिक न्याय और अल्पसंख्यक के हित सुरक्षित रखने की लड़ाई संभव नहीं है। इसलिए हम कांग्रेस पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के प्रति विश्वास जताते हुए कांग्रेस पार्टी की सदस्यता अपने समर्थकों के साथ ग्रहण कर रहे हैं।
सदस्यता ग्रहण करने के बाद सकरा के पूर्व विधायक सुरेश चंचल ने कहा कि कांग्रेस सामाजिक न्याय की लड़ाई को लेकर संघर्ष कर रही है और देश के नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में लगातार जनहित में काम कर रहे हैं। उनके नेतृत्व में कांग्रेस से जुड़कर काम करना मेरे जैसे सामान्य राजनीतिक कार्यकर्ता के लिए अहम होगा। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम के नेतृत्व में और कांग्रेस पार्टी के निर्देशन में पार्टी की मजबूती के लिए सकरा विधानसभा में काम करेंगे।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम ने दोनों वरिष्ठ जदयू नेताओं को शामिल कराने के बाद कहा कि कांग्रेस पार्टी के प्रति विभिन्न दलों के राजनीतिक कार्यकर्ताओं में आकर्षण बढ़ा है। हमारे शीर्ष नेता राहुल गांधी ने सामाजिक न्याय की लड़ाई को राष्ट्रीय फलक पर आवाज देने का काम किया है। अभी विभिन्न दलों से कई नेता हमारे संपर्क में हैं और आने वाले समय में दल से जुड़ेंगे। प्रदेश में कांग्रेस अपनी मजबूत उपस्थिति से आने वाले चुनाव में और मजबूत होकर उभरेगी।
सदस्यता ग्रहण करने वालों में प्रमुख रूप से राजेश कुमार मिश्रा, तरवेज सिद्दीकी, मोहम्मद अहसानुल्लाह, रामचंद्र राय, प्रेम पासवान, मौलाना मकबूल अली, सरोज कुमार, मौलाना सुल्तान रजा कादरी, विभा देवी, कैफी बार्शी, उषा मालाकार, अख्तर अंसारी, मेराज मंसूरी, मौलाना सज्जाद आलम, मेरुल खातून शामिल रहे।
मिलन समारोह में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम, विधान परिषद में दल के नेता डॉ मदन मोहन झा, मीडिया विभाग के चेयरमैन राजेश राठौड़, सदस्यता प्रभारी ब्रजेश प्रसाद मुनन सहित अन्य नेतागण मौजूद रहे।

