विधानसभा उपचुनाव के परिणामों से स्पष्ट है कि जनता एनडीए के खिलाफ है: राजेश ठाकुर
रांची: सात राज्यों के 13 विधानसभा चुनावो में इंडिया गठबंधन की जीत ने भाजपा की पोल पट्टी खोल कर रख दी है।
उक्त बयान देते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने कहा कि विधानसभा उपचुनाव के परिणामों से स्पष्ट है कि जनता ऐसी ताकतों को कतई सत्ता में नहीं आने देना चाहती है जो चुनी हुई सरकारों को और अस्थिर करने का कार्य करते हैं,संविधान से मिले जनता के अधिकारों का हनन कर खुद को संविधान का रक्षक घोषित करना चाहती हो। जनता ने जो जनादेश दिया है उससे साफ जाहिर है कि पूरे देश से भाजपा के स्वीकार्यता समाप्त हो चुकी है, चाहे जितनी भी कोशिश कर ले भाजपा धीरे-धीरे राज्यों से बाहर होने वाली है। उपचुनाव का यह परिणाम झांकी है पूरी तस्वीर आने वाले चार राज्यों की विधानसभा चुनाव के बाद साफ हो जाएगी,जहांभाजपा हाशिये पर चली जाएगी।
उन्होंने कहा कि भाजपा संविधान बदलने के अभियान पर अभी भी कायम है और इसके लिए दूसरे रास्ते की तलाश कर रही है। अपने इसी एजेंडे के तहत भाजपा ने संविधान हत्या दिवस का ऐलान किया है,वह हर तरह से साबित करना चाहती है कि बाबा साहब का संविधान भारतीय लोकतंत्र के लिए नहीं है। भाजपा जानती है कि भारत के संविधान ने जितने हक और अधिकार दलितों,अल्पसंख्यकों,पिछड़ों और समाज के अन्य वर्गों को दिया है उसके कारण उनकी मनुवादी सोच परवान नहीं चढ़ पा रही है। संविधान को पिछले रास्ते से बदलाव करने की मंशा के कारण ही भाजपा आज चुनावो में मात खा रही है।

