इप्सोवा का दिवाली मेला सिर्फ मेला नहीं, जागरूकता और सशक्तिकरण का पर्व होगा: शिखा गुप्ता

रांची: इंडियन पुलिस सर्विस ऑफ़िसर्स वाइव्स एसोसिएशन (इप्सोवा) इस वर्ष अपनी स्थापना के 25 वर्ष पूरे कर रही है। इस अवसर पर संस्था की ओर से 16 से 18 अक्टूबर तक जैप ग्राउंड, रांची में भव्य दिवाली मेला का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और विधायक कल्पना सोरेन संयुक्त रूप से करेंगी।
बुधवार को आयोजित प्रेसवार्ता में इप्सोवा अध्यक्ष एवं पुलिस महानिदेशक अनुराग गुप्ता की पत्नी शिखा गुप्ता ने बताया कि यह मेला केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि “जागरूकता और सशक्तिकरण का मेला” होगा। उन्होंने कहा कि इस आयोजन का उद्देश्य झारखंड के ग्रामीण महिला उद्यमियों को प्रोत्साहित करना और स्थानीय उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराना है। ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाएँ अपने हस्तनिर्मित वस्त्र, सजावटी सामान और घरेलू उत्पाद यहां बेचेंगी, जिससे उन्हें आत्मनिर्भर बनने का अवसर मिलेगा।
मेले में इस बार का मुख्य आकर्षण ‘मिलिट्री स्टॉल’ होगा, जहाँ भारतीय सेना द्वारा प्रयुक्त हथियार और सामग्री प्रदर्शित की जाएंगी। इसके साथ ही झारखंड के पारंपरिक व्यंजन, लोक कला, और हस्तशिल्प भी मेले में विशेष आकर्षण का केंद्र रहेंगे।
फूड कोर्ट में स्थानीय और अंतरराष्ट्रीय व्यंजनों का स्वाद मिलेगा, वहीं फैशन स्टॉल्स पर पारंपरिक और आधुनिक परिधानों की झलक देखने को मिलेगी। घर की सजावट से जुड़े उत्पाद, बच्चों के लिए गेम जोन, और विद्यार्थियों के लिए प्रतियोगिताएँ भी आयोजन का हिस्सा होंगी।
हर दिन लकी ड्रॉ, लोकनृत्य, सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ और युवा कलाकारों के कार्यक्रम मेले की रौनक बढ़ाएँगे। साथ ही मिट्टी के बर्तन, झारखंडी कला और क्राफ्ट स्टॉल लोगों को आकर्षित करेंगे।
श्रीमती गुप्ता ने कहा कि इप्सोवा का दिवाली मेला केवल उत्सव नहीं, बल्कि महिला सशक्तिकरण, कला संवर्धन और सामाजिक जागरूकता का प्रतीक है। हमारा उद्देश्य झारखंड की संस्कृति, प्रतिभा और परंपरा को एक मंच देना है।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *