रांची में सितंबर में होगा मतदाता पंजीकरण पर अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन

रांची: मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी झारखंड के तत्वावधान में आगामी 2 से 3 सितंबर तक रांची में “मतदाता पंजीकरण एवं मतदाता पंजी” विषय पर अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। इस सम्मेलन का आयोजन मुख्य निर्वाचन कार्यालय झारखंड और सेंटर यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने सोमवार को निर्वाचन सदन में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान सम्मेलन की वेबसाइट और ब्राउचर लॉन्च करते हुए इसकी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सम्मेलन का उद्देश्य विभिन्न लोकतांत्रिक देशों, विश्वविद्यालयों, शिक्षाविदों तथा निर्वाचन क्षेत्र के विशेषज्ञों के विचारों और अनुभवों को एक मंच पर लाकर मतदाता पंजीकरण प्रणाली पर एक विस्तृत प्रतिवेदन तैयार करना है।
इस अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट रांची Indian,नेशनल यूनिवर्सिटी ऑफ स्टडी एंड रिसर्च इन लॉ तथा संत जेवियर्स कॉलेज रांची नॉलेज पार्टनर के रूप में शामिल होंगे और अकादमिक सहयोग प्रदान करेंगे।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि जनवरी 2026 में इंटरनेशनल इंस्टीट्यूट फॉर डेमोक्रेसी एंड इलेक्शन मैनेजमेंट कॉन्फ्रेंस के दौरान झारखंड द्वारा प्रस्तुत “मतदाता पंजीकरण एवं मतदाता पंजी” विषय पर व्याख्यान को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सराहना मिली थी। इसी सफलता के आधार पर रांची में इस विषय पर विस्तृत अंतरराष्ट्रीय विमर्श आयोजित करने का निर्णय लिया गया है।
प्रेस वार्ता में संयुक्त मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी सुबोध कुमार, ट्रेनिंग नोडल देव दास दत्ता, उप निर्वाचन पदाधिकारी धीरज ठाकुर सहित विभिन्न शिक्षण संस्थानों के प्रतिनिधि एवं प्रोफेसर उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *