अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर नगर भवन में “जल महोत्सव पखवाड़ा” का शुभारंभ, जल संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर जोर
खूँटी :अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर रविवार कोनगर भवन में जिला जल एवं स्वच्छता समिति, खूंटी, जिला समाज कल्याण विभाग एवं जेएसएलपीएस के संयुक्त तत्वावधान में किया गया। इस दौरान “जल महोत्सव पखवाड़ा” का शुभारंभ उप विकास आयुक्त-सह-नोडल पदाधिकारी, जिला जल एवं स्वच्छता समिति आलोक कुमार द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।
कार्यक्रम के दौरान कार्यपालक अभियंता, पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल खूंटी द्वारा सभी अतिथियों का स्वागत किया गया तथा स्वागत भाषण देते हुए कार्यक्रम के उद्देश्यों की विस्तृत जानकारी दी गई।इस अवसर पर उप विकास आयुक्त ने सभी को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि महिलाएं आज हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का परचम लहरा रही हैं और देश का नाम रोशन कर रही हैं। उन्होंने विशेष रूप से खूंटी जिले की महिलाओं द्वारा खेल, उद्योग सहित विभिन्न क्षेत्रों में किए जा रहे उल्लेखनीय कार्यों की सराहना की। साथ ही समाज कल्याण विभाग एवं जेएसएलपीएस के माध्यम से महिलाओं के लिए संचालित योजनाओं का लाभ उठाने तथा इन योजनाओं से जुड़कर उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं की प्रशंसा भी की।
कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त ने “जल महोत्सव पखवाड़ा” के उद्देश्यों की जानकारी दी, बताया गया कि जल महोत्सव पखवाड़ा का आयोजन 8 मार्च 2026 से 22 मार्च 2026 तक किया जाएगा। भारत सरकार द्वारा इस संबंध में तिथिवार कार्यक्रमों के आयोजन हेतु निर्देश प्राप्त हुए हैं। सभी कार्यक्रमों एवं गतिविधियों का तिथिवार सफल आयोजन को लेकर उप विकास आयुक्त द्वारा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
इस दौरान जल संरक्षण एवं स्वच्छता के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले मुखिया, जल सहिया, ग्राम जल एवं स्वच्छता समिति, प्रखंड वॉश समन्वयक समेत अन्य को सम्मानित किया गया। साथ ही जल महोत्सव पखवाड़ा के तहत जिला, प्रखंड एवं पंचायत स्तर पर आयोजित होने वाली विभिन्न गतिविधियों की विस्तृत जानकारी दी गई तथा इस पर चर्चा की गई।कार्यक्रम में जिला परिषद अध्यक्ष, जिला परिषद उपाध्यक्ष, जिला पंचायती राज पदाधिकारी, कार्यपालक अभियंता पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी, डीपीएम जेएसएलपीएस सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी एवं अन्य संबंधित उपस्थित थे।



