बाबा साहेब का संविधान नहीं होता तो एक गरीब का बेटा देश का पीएम नहीं बन पाता : ललन पासवान

गोड्डा : भाजपा विधायक ललन पासवान ने कांग्रेस पर हमला करते हुए कहा कि कांग्रेस चुनाव तक ही सीमित रह गई है,उसके पास अब समर्पित कार्यकर्ता नहीं रह गया है। देश से कांग्रेस का सफाया होने वाला है। वे बुधवार को गोड्डा भाजपा कार्यालय में आयोजित पत्रकारवार्ता को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को संविधान और आरक्षण पर बोलने का कोई अधिकार नहीं है। कांग्रेस पहले देश की जनता से माफी मांगे तब इस पर कुछ बोलने की हिम्मत जुटाए।
बाबा साहेब का संविधान नहीं होता तो एक गरीब का बेटा नरेंद्र मोदी चायवाला देश का पीएम नहीं बन पाता। इससे संविधान को कहां पर खतरा है।
राहुल गांधी उस संविधान को नहीं मान रहे हैं। जबकि इसी संविधान के बदौलत उनके दादा पंडित जवाहर लाल नेहरू, दादी इंदिरा गांधी और उनके पिता राजीव गांधी देश के प्रधानमंत्री बने। इसी कांग्रेस ने बहुत दिनों तक बाबा साहेब अम्बेदक का एक फोटो सरकारी कार्यालय में लगाने नहीं दिया। जब बीजेपी की सरकार बनती है तब बाबा साहब को सम्मान देने का काम किया गया। पीएम मोदी ने बाबा साहब अम्बेडकर को सम्मान दिया है। कांग्रेस सिर्फ और सिर्फ झूठी बातें कर जनता को गुमराह कर रही है।
उन्होंने कहा कि 1990के दशक में कांग्रेस की सरकार ने निजीकरण को बढ़ावा देने का काम किया था। तमाम सरकार नौकरी को कम करने का काम शुरू कर दिया था।
आज जो कॉन्टैक्ट पर नौकरी का प्रचलन तेजी से बढ़ रहा है वह कांग्रेस के समय में ही प्रारंभ हो गया था।
उन्होंने कहा किया कि आज आदिवासी,दलित और ओबीसी समाज यदि पिछड़े हैं तो उसके जिम्मेवार कांग्रेस है। कांग्रेस की गलत नीतियों के बदौलत ये लोग आज संसाधनों से वंचित हैं। राहुल गांधी के अपने पूर्वजों के कार्यों पर पश्चाताप होना चाहिए।
उन्होंने कहा कि देश की जनता को पीएम मोदी पर भरोसा है और अबकी बार चार सौ के पार होगी। इससे कांग्रेस और उसके घटक दलों में बेचैनी है। इसलिए जनता के बीच आरक्षण और संविधान बदलने की झूठी अफवाह फैला रहे हैं। इस अवसर पर जिला अध्यक्ष दिलीप सिंह सहित कई भाजपा के नेता मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *