25वां झारखंड राज्य स्थापना दिवस: तैयारियां अंतिम चरण में, गृह सचिव वंदना दादेल ने किया मोरहाबादी मैदान का निरीक्षण
गणादेश,रांची: झारखंड राज्य स्थापना दिवस की 25वीं वर्षगांठ के अवसर पर होने वाले रजत जयंती समारोह की तैयारियां अब अंतिम चरण में हैं। इसको लेकर गुरुवार को गृह विभाग की प्रधान सचिव वंदना दादेल ने मोरहाबादी मैदान में मुख्य आयोजन स्थल है का विस्तृत निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान वंदना दादेल ने कहा कि यह आयोजन झारखंड की गौरवशाली विरासत, संस्कृति और विकास यात्रा को प्रदर्शित करेगा। इसे भव्य और अविस्मरणीय बनाने के लिए सभी तैयारियों की बारीकी से समीक्षा की गई। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिया कि कार्यों में समयबद्धता, गुणवत्ता, सुरक्षा और जनसुविधा का विशेष ध्यान रखा जाए।
प्रधान सचिव ने बताया कि 15 नवंबर को स्थापना दिवस पर विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन किया जाएगा। उन्होंने कार्यक्रम की सफलता सुनिश्चित करने के लिए हर व्यवस्था को परिपूर्ण और योजनाबद्ध रूप से पूर्ण करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने मुख्य मंच, दर्शक दीर्घा, सुरक्षा घेराबंदी, प्रवेश-निकास द्वार, मीडिया सेंटर, चिकित्सा सुविधा और प्रदर्शनी स्थल की तैयारियों की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि यह आयोजन जनता के लिए सुरक्षित और यादगार अनुभव बने, यही सरकार का लक्ष्य है।
निरीक्षण के दौरान सचिव अमिताभ कौशल, कृपानंद झा, आईजी मनोज कौशिक, आदिवासी कल्याण आयुक्त कुलदीप चौधरी, आईपीआरडी निदेशक राजीव लोचन बख्शी, उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री, एसएसपी राकेश रंजन सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।



