सामाजिक मैत्री की प्रेरणा देती है होली : अधिशासी निदेशक

बोकारो। इस्पातनगरी बोकारो में चौतरफा होलियाना माहौल के बीच मिथिला-मैथिलों की प्रतिष्ठित सामाजिक व सांस्कृतिक संस्था मिथिला सांस्कृतिक परिषद, बोकारो का होली मिलन समारोह धूमधाम से संपन्न हुआ। परिषद की ओर से नगर के सेक्टर- 4ई में संचालित मिथिला एकेडमी पब्लिक स्कूल में आयोजित होली मिलन में एक तरफ जहां खूब अबीर-गुलाल उड़ते रहे, वहीं घंटों पारंपरिक फगुआ गीतों की बौछार होती रही। ढोलक, झाल-मंजीरा और हारमोनियम के साथ परिषद की कीर्तन मंडली के कलाकारों ने फागुन-रस की ऐसी बौछार की कि उपस्थित सभी लोग उसमें सराबोर हो गए।कलाकारों ने फगुआ गीतों- बाबा हरिहरनाथ सोनपुर में खेले होली…, बिरज में होरी खेलत नंदलाल… मिथिला में राम खेलथि होरी…, खेले मसाने में होरी दिगंबर… आदि गीतों की झड़ी लगा दी। इस क्रम में आसपास का पूरा वातावरण होलीमय बना रहा। परिषद के अध्यक्ष जय प्रकाश चौधरी एवं महासचिव नीरज चौधरी ने सभी का स्वागत करते हुए होली को आपसी प्रेम, सदभाव और भाईचारे का पर्व बताया। साथ ही, उन्होंने मिथिला समाज के लोगो से एकजुट होकर आगे बढ़ने का आह्वान किया।
समारोह में मुख्य रूप से उपस्थित बोकारो इस्पात संयंत्र के अधिशासी निदेशक (संकार्य) अनूप कुमार दत्त ने उपस्थित सभी लोगों को होली की बधाई देते हुए कहा कि यह पर्व हमें सामाजिक प्रेम और मैत्री की प्रेरणा देता है। मौके पर बीएसएल के मुख्य महाप्रबंधक (सीआरएम- 3) राजेश कुमार झा, परिषद निदेशक मंडल के संयोजक एवं मिथिला एकेडमी के अध्यक्ष राजेन्द्र कुमार, निदेशक मंडल के सदस्य केसी झा व विजय कुमार झा, विद्यालय सचिव दिलीप कुमार झा, परिषद के सांस्कृतिक कार्यक्रम निदेशक अरुण पाठक, कोषाध्यक्ष मिहिर मोहन ठाकुर सहित श्रीमोहन झा, सुनील मोहन ठाकुर, अविनाश झा अवि, सुदीप कुमार ठाकुर, विजय कुमार मिश्र अंजू, सुभद्र चौधरी, एसके झा, विश्वनाथ झा, तरुण, अमरनाथ झा, भूषण पाठक, रमण झा, मनोज कुमार झा, अरविन्द मिश्रा, प्रमोद कुमार मिश्र, गंगेश पाठक, उमेश कुमार झा, विश्वनाथ गोस्वामी आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *