किसानों के हित में ऐतिहासिक फैसला, राज्य सरकार की ऋण माफी योजना से लाखों परिवारों को राहत: राकेश सिन्हा
रांची: झारखंड राज्य सरकार द्वारा किसानों के हित में लिया गया ऋण माफी का निर्णय प्रदेश के कृषि इतिहास में एक ऐतिहासिक और सराहनीय कदम है। सरकार ने अब तक 4 लाख 82 हजार 192 किसानों का ऋण माफ कर 1826.81 करोड़ रुपये की राशि सभी जिलों में वितरित कर दी है, जिससे लाखों किसान परिवारों को सीधा आर्थिक संबल मिला है।
यह निर्णय साबित करता है कि राज्य सरकार किसानों की पीड़ा, उनकी जरूरतों और खेती-किसानी की चुनौतियों को गंभीरता से समझती है। सरकार की प्राथमिकता स्पष्ट है—किसानों को कर्ज के बोझ से मुक्त कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाना।
सरकारी आंकड़ों के अनुसार 5 लाख से अधिक किसानों का ई-केवाईसी पूरा किया जा चुका है। तकनीकी कारणों से जिन किसानों का भुगतान अभी लंबित है, उनके मामलों के त्वरित समाधान के लिए सरकार निरंतर प्रयासरत है। शेष किसानों को भी शीघ्र इस योजना का लाभ मिलने की उम्मीद है।
किसानों के हित में की गई यह पहल न केवल उनकी आर्थिक स्थिति को मजबूत करेगी, बल्कि राज्य की कृषि व्यवस्था को भी नई ऊर्जा प्रदान करेगी। राज्य सरकार इस जनकल्याणकारी निर्णय के लिए बधाई की पात्र है।



