भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ा मुरहू प्रखंड में लगी हाई मास्क लाइटें,एक माह से बंद,उप प्रमुख ने की जांच की मांग
खूंटी : मुरहू प्रखंड मुख्यालय और मुख्य मार्ग पर हाल ही में लगाई गई हाई मास्क लाइटें मात्र एक महीने के भीतर ही खराब हो गई हैं। प्रखंड के अधिकांश स्थानों पर ये लाइटें या तो बंद पड़ी हैं या झिलमिला कर काम कर रही हैं, जिससे रात के समय क्षेत्र में अंधकार छा जाता है। स्थानीय जनता में इसको लेकर गहरा आक्रोश है।
मुरहु प्रखंड उप प्रमुख अरुण कुमार साबू ने इस गंभीर मामले को उठाते हुए कहा कि इन लाइटों की योजना जनहित को ध्यान में रखकर उनके द्वारा पत्र लिखकर मांगी गई थी, ताकि प्रखंड मुख्यालय और प्रमुख सड़कें रोशनी से जगमग रहें और लोगों को सुविधा हो। लेकिन आश्चर्य की बात यह है कि न तो मुरहु प्रखंड कार्यालय को लाइट लगाने की किसी योजना की औपचारिक सूचना दी गई, और न ही यह बताया गया कि किस मद से यह कार्य कराया गया तथा किस एजेंसी या ठेकेदार को जिम्मेदारी दी गई।
श्री साबू ने बताया कि उन्होंने इस संबंध में झारखंड नवीकरणीय ऊर्जा विकास अभिकरण (JREDA), राँची को मेल के माध्यम से शिकायत भेजी है, लेकिन अब तक किसी भी अधिकारी द्वारा कोई उत्तर नहीं दिया गया है।
यह स्थिति जनता के पैसे की खुली लूट का उदाहरण है। सरकार की योजनाओं को ठेकेदारों द्वारा भ्रष्टाचार का माध्यम बनाया जा रहा है। यदि समय पर कार्रवाई नहीं हुई तो जनता का भरोसा सरकारी तंत्र से उठ जाएगा,” — उप प्रमुख अरुण कुमार साबू ने कहा।
उन्होंने कहा कि इन लाइटों की गुणवत्ता बेहद खराब है, जिससे यह एक माह भी नहीं चल पाईं। ठेकेदारों द्वारा घटिया सामग्री लगाई जा रही है और प्रशासनिक स्तर पर इसकी निगरानी नहीं हो रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि लाइटें बंद हो जाने से मुख्य मार्गों पर रात में आवागमन कठिन हो गया है। कई जगहों पर दुर्घटना की संभावना बनी रहती है। ग्रामीणों ने भी संबंधित विभाग और जिला प्रशासन से तत्काल जाँच कराने की माँग की है।
उप प्रमुख साबू ने जिला प्रशासन से आग्रह किया है कि मुरहु प्रखंड क्षेत्र में हाल में लगी सभी हाई मास्क लाइटों की तकनीकी और गुणवत्ता जाँच कराई जाए।दोषी ठेकेदार या एजेंसी के खिलाफ कार्रवाई की जाए।भविष्य में उच्च गुणवत्ता की और प्रमाणित सामग्री का उपयोग सुनिश्चित किया जाए।उन्होंने यह भी कहा कि जनता के कर से मिलने वाला पैसा जनता के हित में ही लगे, न कि कुछ लोगों की जेब में जाए।
मुरहु क्षेत्र के नागरिकों ने भी उप प्रमुख के इस कदम का स्वागत किया है और आशा जताई है कि जिला प्रशासन और JREDA इस मामले को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र ठोस कार्रवाई करेगा।



