आमजन तक तेजी से पहुंचेगी सरकारी सेवाएं, हर पात्र लाभुक को मिलेगा उसका अधिकार मंत्री
बोकारो – शुक्रवार से जिले भर में आपकी योजना आपकी सरकार आपके द्वार सेवा का अधिकार सप्ताह शिविर का शुभारंभ हुआ। इसी क्रम में गोमिया प्रखंड के पचमो पंचायत को लेकर मध्य विद्यालय रहावन में आयोजित आपकी योजना आपकी सरकार आपके द्वार सेवा का अधिकार सप्ताह शिविर में शामिल हुए सूबे के पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के मंत्री योगेंद्र प्रसाद महतो, पूर्व विधायक एवं जिला स्तरीय पदाधिकारी व बीडीओ सीओ।
मौके पर अपने संबोधन में मंत्री ने कहा कि सेवा का अधिकार सप्ताह राज्य सरकार की उन प्राथमिक पहलों में से एक है, जिसका उद्देश्य आम नागरिकों तक सरकारी सेवाएं समयबद्ध और पारदर्शी रूप से पहुंचाना है। पंचायत स्तर पर आयोजित ऐसे शिविर ग्रामीणों को आवश्यक प्रमाण पत्रों, योजनाओं और सेवाओं से सीधे लाभान्वित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। मैं जिला प्रशासन बोकारो के प्रयासों की सराहना करता हूं और विश्वास है कि इस अभियान के माध्यम से हर पात्र लाभुक तक सुविधाएं शीघ्रता से पहुंचेंगी।
वहीं, चास प्रखंड के उत्क्रमित मध्य विद्यालय भण्ड्रो में आपकी योजनाआपकी सरकार आपके द्वार एवं सेवा का अधिकार सप्ताह अंतर्गत आयोजित विशेष शिविर का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। शिविर में मुख्य रूप से बोकारो विधायक बोकारो श्वेता सिंह, उप विकास आयुक्त शताब्दी मजूमदार शामिल हुईं।
विधायक, डीडीसी एवं अन्य अधिकारियों ने सभी स्टॉलों का निरीक्षण किया तथा प्राप्त आवेदनों की अद्यतन स्थिति और निपटान की प्रगति की जानकारी ली ।शिविर के दौरान कई योजनाओं से संबंधित आवेदनों को ऑन-द-स्पॉट स्वीकृति प्रदान की गई। पात्र लाभुकों के बीच स्वीकृति पत्र – परिसंपत्तियां, सामाजिक सुरक्षा पेंशन संबंधी अनुमोदन प्रमाण पत्र आदि का वितरण किया गया।



