भ्रमित करने का कीर्तिमान स्थापित कर रही है सरकार : सुदेश महतो

रांची/बोकारो : सरकार पिछले पांच वर्षों से जनाकांक्षाओं के विपरीत कार्य कर रही है। वर्तमान सरकार भ्रमित करने का कीर्तिमान स्थापित कर रही है। सरकार का उद्देश्य जनता की आवश्यकताओं को समझते हुए उनके जीवन को बेहतर बनाने की दिशा में काम करना होता है लेकिन यह सरकार अपने ही लोगों को ठगने में लगी है। झूठ की बुनियाद पर खड़ी सरकार से जनता परेशान है और बदलाव चाहती है। जनता ने अपना मत जिस उम्मीद के साथ इस सरकार को दिया था इन्होंने सभी उम्मीदों को तोड़ दिया है। भारत के सबसे बड़े नेता का विचार आज खतरे में है।

उक्त बातें पार्टी अध्यक्ष सुदेश कुमार महतो ने गोमिया विधानसभा में आयोजित झारखंड नवनिर्माण यात्रा के दौरान कही। यात्रा गोमिया हाई स्कूल से 1बी मार्केट से स्वांग डीएवी स्कूल तक निकाली गई। आजसू पार्टी द्वारा इस यात्रा का आयोजन आने वाले दिनों में राज्य के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में किया जाएगा।

जेएमएम और कांग्रेस के झूठ, वादाखिलाफी और चरित्र का वास्तविक चेहरा बेनकाब हो चुका है। जनता अब इनके झूठे वादों के भ्रमजाल में फंसने वाली नहीं है। इनके कार्यकाल में अपराधियों के मन से कानून का भय समाप्त हो गया है। राजधानी रांची में हाई कोर्ट के अधिकवक्ता पर गोली चला कर अपराधी फरार हो गए यह इनकी चरमराई कानून व्यवस्था का एक और नमूना है। आए दिन ऐसे कई मामले राज्य के विभिन्न जिलों से सामने आते हैं। राज्य में नक्सली घटनाओं में भी बढ़ोतरी हुई है। कानून व्यवस्था को लेकर सरकार के सारे वादे खोखले साबित हुए है।

राज्य का सर्वांगीण विकास आजसू पार्टी का लक्ष्य है। समाज के हर वर्ग के साथ और विश्वास से हम शहीदों के सपनों का झारखंड बनाएंगे। बेरोजगारी और पलायन का दंश झेल रहे राज्य के युवाओं को अपनी माटी में ही रोजगार उपलब्ध कराना हमारी प्राथमिकता।

  • डुमरी और गोमिया में अपना आजसू 24×7 सेवा केंद्र का हुआ शुभारंभ –

पार्टी अध्यक्ष सुदेश कुमार महतो ने डुमरी विधानसभा के इसरी बाजार और गोमिया विधानसभा अंतर्गत पेटरवार में अपना आजसू 24×7 सेवा केंद्र की शुरुआत की। मौके पर उन्होंने कहा कि हेमंत सरकार ने सरकारी कर्मचारियों के जनसेवा के आचरण को बदल दिया है। कार्यालयों में बिचौलिये हावी हैं जिससे आम जनता त्रस्त है। आज उनकी समस्याओं को समझने और सुलझाने वाला कोई नहीं है। क्षेत्र की जनता की हर समस्या का समाधान करने के प्रयास का नाम है अपना आजसू 24×7 सेवा केंद्र। यह सेवा केंद्र लोगों की सेवा के लिए 24 घंटे सातों दिन उपलब्ध होगा। केंद्र के हेल्पलाइन नंबर पर कॉल करके साथ ही भौतिक रूप में केंद्र में पहुँचकर भी लोग अपनी समस्याओं को यहां रजिस्टर करवा सकते हैं। यह समस्याएं निजी और सामाजिक दोनों तरह की हो सकती हैं।

सुदेश महतो द्वारा शुरू किए गए अपना आजसू सेवा केंद्र में जनता की समस्या सुनने के लिए 24 घंटे कार्य करने वाला हेल्पडेस्क होगा। सेवा केंद्र में कार्यरत कर्मी हर वक्त जनता की सेवा के लिए उपलब्ध होंगे। यहां जनता को राज्य एवं केंद्र सरकार द्वारा चलाई जा रही जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी मिलेगी साथ ही सरकारी कार्यालय में आवेदन संबंधित सहयोग भी प्रदान किया जाएगा। सड़क दुर्घटना जैसी आपातकालीन स्थिति के लिए एम्बुलेंस की भी व्यवस्था यहां पर होगी। समस्यओं के रजिस्टर्ड होने के बाद उनके जल्द निवारण के लिए संबंधित विभाग के पदाधिकारियों को सूचित किया जाएगा। अपना आजसू सेवा केंद्र 24×7 की टीम हर समस्या को यथाशीघ्र सुलझाने की दिशा में काम करेगी।

  • गांधी जी के सिद्धांत मानवता, अहिंसा, सत्य और सामाजिक न्याय पर आधारित हैं

सुदेश कुमार महतो ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और देश के पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर दोनों महानुभावों को अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की। मौके पर उन्होंने कहा कि गांधी जी के सिद्धांत मानवता, अहिंसा, सत्य और सामाजिक न्याय पर आधारित है। उनके विचार आज भी प्रासंगिक हैं। उनके दिखाए गए रास्ते पर चल कर हम एक बेहतर और विकसित भारत का निर्माण कर सकते हैं। विकास की उनकी अवधारणा में गांवों का स्थान सर्वोपरि था। उनका मानना था कि भारत की आत्मा गांवों में बसती है और यदि भारत को सशक्त बनाना है, तो गांवों का विकास अनिवार्य है। हमारा प्रयास उनकी सोच को धरातल पर उतरना है। गांवों का विकास हमेशा हमारी प्राथमिकता रही है। वास्तविक स्वराज तभी संभव है जब हर गांव स्वशासन के सिद्धांतों पर आधारित हो। साथ ही उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री को उनकी जयंती पर नमन करते हुए कहा कि शास्त्री जी ने अपनी सादगी, विनम्रता और दृढ़ संकल्प से देश की सेवा की। उनका जीवन सादगी, ईमानदारी और निस्वार्थ सेवा का प्रतीक था। उन्होंने “जय जवान, जय किसान” का नारा देकर देश के सैनिकों और किसानों को एक साथ सम्मानित किया और उनके महत्व को रेखांकित किया। उनकी ईमानदारी, कर्तव्यपरायणता और देशभक्ति को याद करते हुए हम उनके योगदान को नमन करते हैं और उनके आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने का संकल्प लेते हैं।

इस अवसर पर केंद्रीय महासचिव एवं विधायक लम्बोदर महतो, उपाध्यक्ष कुशवाहा शिवपूजन मेहता, नजरूल हसन हासमी, यशोदा देवी, दुर्योधन महतो, संतोष महतो, नवीन महतो, अनुप पाण्डेय, सतीश महतो, बोकारो जिलाध्यक्ष सचिन महतो, टिकैत महतो, राजेश विश्वकर्मा, संटू सिंह, चंदन सिन्हा, श्रीधर महतो इत्यादि मुख्य रूप से उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *