आंगनवाड़ी सेविका एवं सहायिका की मांगों के प्रति सरकार उदासीन: सुंदरी तिर्की
नौ सूत्री मांगों को लेकर झारखंड प्रदेश आंगनबाड़ी कर्मचारी सभा ने धरना दिया
रांची: झारखंड प्रदेश आंगनबाड़ी कर्मचारी सभा के द्वारा शुक्रवार को अपनी नौ सूत्री मांगों को लेकर राज भवन के समक्ष धरना प्रदर्शन किया। धरना का नेतृत्व महामंत्री सुंदरी तिर्की ने किया। पूरे राज्य से आए आंगनबाड़ी सेविका एवं सहायिका ने एक स्वर से कहा हम लोगों की मांगों के प्रति केंद्र और राज्य सरकार उदासीन है। इससे पहले भी कई बार हम लोगों ने धरना प्रदर्शन किया। लेकिन हर बार आश्वासन के सिवा कुछ नहीं मिला। इस बार हम लोग सरकार से आर पार के मूड में हैं। वहीं महामंत्री सुंदरी तिर्की ने कहा कि पिछले 30 सालों से सेविका और सहायिका की आवाजों को उठाने का काम मैने सदन से लेकर सड़क तक किया है। केंद्र सरकार की यह प्रायोजित योजना है जो राज सरकार के साथ चलती है। दोनों आपस में लड़ते हैं। इससे हम आंगनबाड़ी सेविका सहायिकाओं को दुख झेलना पड़ रहा है। दोनों स्पष्ट करें कि हम किसका कर्मचारी है। हम भारत सरकार से मांग करते हैं कि मात्र 60% मानदेय में भारत सरकार की योजनाओं को धरातल पर उतारने का काम करते हैं।
उन्होंने कहा कि पीएम मोदी नारी सशक्तिकरण की बात करते हैं लेकिन नारियों की मांगों के प्रति अनदेखी करते हैं। बजट सेशन में भी आंगनबाड़ी सेविका सहायिका के मानदेय में बढ़ोतरी करने की घोषणा नहीं किया गया। केंद्र सरकार को सभी 80 लाख सेविका सहायिका को नियमित करना होगा।
इनकी मांगों में आंगनबाड़ी सेविकाओं का मानदेय में बढ़ोतरी करते हुए ₹20000 सहायिकाओं का ₹15000, सेविकाओं को गुणवत्ता बढ़ाने हेतु नई तकनीक की जानकारी हेतु ट्रेनिंग प्रोग्राम चलाया जाए, आंगनबाड़ी केंद्र का नया भवन का निर्माण तथा पुराने भवनों का जीर्णोधार किया जाए, सभी केंद्रों में पेयजल, शौचालय, बिजली की नियमित व्यवस्था की जाए, सभी महिला सुपरवाइजर को मुख्यालय से प्रखंडों में अभिलंब पदस्थापित किया जाए। महिला पर्यवेक्षकों में प्रोन्नति हेतु पचास प्रतिशत पदों पर योग्यताधारी सेविकाओं की नियुक्ति,सेवानिवृत्त पर दस लाख सहायता, पोषाहार सामग्री के दर में संशोधित सहित कई मांगें हैं।
इस अवसर पर बहालेन कच्छप, उमरा खातून सरोज तिर्की, छोटी देवी सूर्यमुखी उरांव बसंती देवी ललिता देवी रुपू देवी अन्ना कांडुलना चंचल भोक्ता रेनू सिंह कई महिलाएं उपस्थित रही।

