राज भवन में विभिन्न राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों का स्थापना दिवस समारोह आयोजित
रांची: राजभवन में शनिवार को राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार की गरिमामयी उपस्थिति में जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, आंध्र प्रदेश, छत्तीसगढ़, हरियाणा, कर्नाटक, केरल, मध्य प्रदेश, पंजाब, तमिलनाडु, अंडमान-निकोबार द्वीप समूह, चंडीगढ़, दिल्ली, लक्षद्वीप और पुडुचेरी के स्थापना दिवस का आयोजन हुआ। इस अवसर पर राज्यपाल ने सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के नागरिकों को शुभकामनाएँ दीं।राज्यपाल ने कहा कि भारत विविधता में एकता का प्रतीक देश है, जहाँ प्रत्येक राज्य अपनी संस्कृति, परंपरा और योगदान से राष्ट्र को सशक्त बनाता है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहल ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ को राज्यों के बीच सांस्कृतिक एकता और सहयोग को बढ़ाने का महत्वपूर्ण प्रयास बताया।उन्होंने कहा कि लौहपुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के दिन जम्मू-कश्मीर और लद्दाख की स्थापना हुई थी। अनुच्छेद 370 हटाने का ऐतिहासिक निर्णय वहाँ के नागरिकों को समान अधिकार और अवसर प्रदान करता है।राज्यपाल ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की सराहना करते हुए कहा कि इससे भारत ने मानवीय संवेदना और त्वरित कार्रवाई में विश्वस्तर पर मिसाल पेश की है। उन्होंने कहा कि देश के विभिन्न हिस्सों से जुड़े नागरिक झारखंड की सामाजिक, सांस्कृतिक और आर्थिक प्रगति में अहम भूमिका निभा रहे हैं।



