गणतंत्र दिवस परेड का अंतिम पूर्वाभ्यास,डीसी- एसपी ने परेड निरीक्षण कर झंडोत्तोलन किया
खूंटी: 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाले ध्वजारोहण, राष्ट्रगान और परेड निरीक्षण कार्यक्रम की अंतिम तैयारियों का उपायुक्त श्रीमती आर० रॉनिटा एवं पुलिस अधीक्षक श्री मनीष टोप्पो ने संयुक्त रूप से जायजा लिया। इस दौरान मुख्य कार्यक्रम के लिए कचहरी मैदान में आयोजित परेड का अंतिम पूर्वाभ्यास संपन्न हुआ।
परेड निरीक्षण के पश्चात उपायुक्त ने झंडोत्तोलन किया और तिरंगे को सलामी देते हुए राष्ट्रगान गया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक समेत उपस्थित सभी पदाधिकारियों और स्कूली बच्चों ने राष्ट्रगान गाया। उपायुक्त ने परेड में शामिल सभी प्लाटून का उत्साहवर्धन किया और 26 जनवरी को पूरे जोश और उमंग के साथ परेड में भाग लेने के निर्देश दिए। उपायुक्त ने कहा कि आत्मविश्वास, उत्साह और देशभक्ति की भावना के साथ गणतंत्र दिवस कार्यक्रम का आयोजन होगा।
गणतंत्र दिवस के अवसर पर 26 जनवरी को प्रातः 8 बजे से विभिन्न सरकारी कार्यालयों में ध्वजारोहण और प्रातः 9 बजकर 10 मिनट पर कचहरी मैदान में मुख्य कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इसमें ध्वजारोहण, राष्ट्रगान, परेड, झांकी और अन्य कार्यक्रम शामिल होंगे।
◆ गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर होगा सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन:*
इसके अतिरिक्त, 25 जनवरी 2026 को गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर जिला प्रशासन की ओर से अपराह्न 3:30 बजे से बहुउद्देशीय भवन, बिरसा कॉलेज खूंटी में एक सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इस कार्यक्रम में विद्यालयों के छात्र-छात्राओं द्वारा देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी जाएंगी।
उपायुक्त ने कहा कि जिला प्रशासन की ओर से 26 जनवरी 2026 को गणतंत्र दिवस के मौके पर कचहरी मैदान में पूर्वाह्न 9:10 मिनट से आयोजित मुख्य कार्यक्रम एवं 25 जनवरी 2026 को गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर अपराह्न 3:30 बजे से आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में जिलावासी सादर आमंत्रित है।



