रांची के विकास में ड्रेनेज, ट्रैफिक और वेंडर व्यवस्था पर जोर, सीएम ने दिए समयबद्ध काम के निर्देश

रांची: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने बुधवार को झारखंड मंत्रालय में नगर विकास एवं आवास तथा पथ निर्माण विभाग की कार्ययोजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को विकास योजनाओं का गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। बैठक में रांची के रोड नेटवर्क, फ्लाईओवर, पार्क, चौक-चौराहे, यातायात, ड्रेनेज और मास्टर प्लान समेत विभिन्न परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बढ़ती आबादी और शहर के विस्तार को देखते हुए दीर्घकालिक एवं समग्र योजना तैयार की जाए। रांची के साथ राज्य के अन्य प्रमुख शहरों को भी आधुनिक और सुनियोजित बनाने पर जोर दिया।
उन्होंने सड़क निर्माण के साथ ड्रेनेज व्यवस्था को परियोजना का अनिवार्य हिस्सा बनाने का निर्देश दिया। बारिश के दौरान जलजमाव वाले क्षेत्रों को चिन्हित कर प्रभावी जल निकासी व्यवस्था विकसित करने तथा पहले से बनी सड़कों के ड्रेनेज का तकनीकी अध्ययन कराने को कहा।
मुख्यमंत्री ने प्रत्येक वार्ड में जरूरत के अनुसार वेंडर मार्केट विकसित करने पर जोर दिया, ताकि सड़क किनारे अनियोजित वेंडिंग से होने वाले जाम को कम किया जा सके और वेंडर्स की आजीविका भी प्रभावित न हो।
रांची की यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए बसों के रूट और समय-सारणी का डेटा तैयार करने, अनावश्यक सड़क कट बंद करने और निर्धारित स्थानों से ही टर्निंग की व्यवस्था करने का निर्देश दिया गया।
उन्होंने सड़क किनारे लटकते बिजली और टेलीकॉम तारों को व्यवस्थित करने तथा सरकारी भूमि पर अवैध कब्जे और अतिक्रमण को चिन्हित कर नियमानुसार कार्रवाई का निर्देश भी दिया। बैठक में मुख्य सचिव अविनाश कुमार समेत संबंधित विभागों के वरीय अधिकारी मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *