चुनाव की तैयारी तेज़ : डीएम ने किया वज्रगृहों का निरीक्षण, सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायज़ा
भागलपुर। आगामी बिहार विधानसभा चुनाव 2025 को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने की दिशा में जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने गुरुवार को चुनाव प्रेक्षकों के साथ राजकीय पॉलिटेक्निक, बरारी तथा महिला आईटीआई परिसर में बनाए गए वज्रगृहों का विस्तृत निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने Polled EVM संग्रहण केंद्रों, मतगणना स्थल और प्रेक्षकों व निर्वाची पदाधिकारियों के बैठने की व्यवस्था का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि सुरक्षा, निगरानी और अभिलेखन की सभी व्यवस्थाएं तय मानक के अनुरूप हों।
डॉ. चौधरी ने बताया कि प्रत्येक वज्रगृह में सीसीटीवी कैमरे लगाए जा रहे हैं और CAPF के जवान 24 घंटे निगरानी रखेंगे। उन्होंने वाहनों के पार्किंग स्थल, रिसीविंग सेंटर और अंदरूनी आवाजाही के मार्गों का भी निरीक्षण किया।
बरारी स्थित वज्रगृह निरीक्षण में 154-पीरपैंती के प्रेक्षक श्रीमती आर. लीली, 155-कहलगांव के प्रेक्षक श्री पंकज, 156-भागलपुर के प्रेक्षक श्री अनिल मेश्राम और 158-नाथनगर के प्रेक्षक श्री अबू तायंग मौजूद थे।
इस मौके पर नगर आयुक्त शुभम कुमार, सहायक समाहर्ता जतिन कुमार, कोषागार पदाधिकारी देवेंद्र प्रसाद, अपर समाहर्ता दिनेश राम, एसडीओ विकास कुमार, एसडीओ कहलगांव अशोक कुमार मंडल और अन्य पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।
वहीं, महिला आईटीआई परिसर में बने वज्रगृह का निरीक्षण 152-बिहपुर, 153-गोपालपुर और 157-सुल्तानगंज विधानसभा क्षेत्रों के प्रेक्षकों के साथ किया गया। इस दौरान डीएम ने सुरक्षा और संग्रहण से जुड़ी व्यवस्थाओं की समीक्षा की तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
इस निरीक्षण में उप विकास आयुक्त प्रदीप कुमार सिंह, नगर आयुक्त शुभम कुमार, डीसीएलआर अपेक्षा मोदी, एसडीओ नवगछिया ऋतुराज प्रताप सिंह, भूमि सुधार उप समाहर्ता शैलेंद्र कुमार सिंह समेत कई अधिकारी उपस्थित थे।
डीएम ने कहा कि प्रशासन का लक्ष्य है कि भागलपुर जिले में चुनाव पूरी तरह स्वतंत्र, निष्पक्ष और भयमुक्त वातावरण में संपन्न हों।



