मुख्यमंत्री ने समृद्धि यात्रा के दौरान भागलपुर जिले को दी 442 करोड़ रुपये की सौगात, 144 विकास योजनाओं का किया उद्घाटन एवं शिलान्यास

प्रदीप विद्रोही,भागलपुर। बिहार में विकास की रफ्तार को नई दिशा देते हुए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने ‘समृद्धि यात्रा’ के दौरान भागलपुर जिले को 442 करोड़ रुपये की बड़ी सौगात दी। इस मौके पर उन्होंने 144 विकास योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास कर जिले के भविष्य की मजबूत नींव रखी।

समृद्धि यात्रा के तहत मुख्यमंत्री ने भागलपुर-गोराडीह मार्ग पर बन रहे आरओबी (रेलवे ओवरब्रिज) सहित कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों से योजनाओं की प्रगति की विस्तार से जानकारी ली और स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी कार्य तय समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरे हों।

विकास योजनाओं पर विशेष फोकस

निरीक्षण के दौरान जिन प्रमुख परियोजनाओं पर चर्चा हुई, उनमें – सुल्तानगंज में जहाज घाट के पास पर्यटन सुविधाओं का विस्तार, नवगछिया में स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का निर्माण, भागलपुर में कैंसर संस्थान की स्थापना,11 प्रखंडों में नए प्रखंड-सह-अंचल कार्यालय भवन, ग्रीनफील्ड अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा,

गोराडीह में आधुनिक अंतर्राज्यीय बस अड्डा,

औद्योगिक क्षेत्र का विकास जैसी कई महत्वाकांक्षी योजनाएं शामिल हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इन परियोजनाओं के पूरा होने से न केवल आधारभूत संरचना मजबूत होगी, बल्कि रोजगार और आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।

गांव से विकास की शुरुआत:

जगदीशपुर प्रखंड के बैजानी पंचायत में मुख्यमंत्री ने पंचायत सरकार भवन, आयुष्मान आरोग्य मंदिर, स्कूल और जल-जीवन-हरियाली के तहत विकसित पोखरों का जायजा लिया। उन्होंने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया।

स्कूल के बच्चों से संवाद करते हुए मुख्यमंत्री ने उन्हें मन लगाकर पढ़ाई करने की प्रेरणा दी और देश का भविष्य बताया।

महिलाओं और युवाओं को आर्थिक मजबूती:

कार्यक्रम के दौरान 8305 जीविका समूहों की 1.05 लाख से अधिक महिलाओं को 377 करोड़ रुपये से ज्यादा का ऋण वितरित किया गया। साथ ही विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के तहत लाभुकों को सहायता राशि भी दी गई। जीविका दीदियों ने मुख्यमंत्री का आभार जताते हुए कहा कि सरकार की योजनाओं ने उन्हें आत्मनिर्भर बनने का रास्ता दिखाया है।

योजनाओं का ब्योरा:

88 योजनाओं का उद्घाटन – 171 करोड़ रुपये

56 योजनाओं का शिलान्यास – 271 करोड़ रुपये

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि विकास योजनाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। उन्होंने कहा कि सड़क और पुलों के निर्माण से आवागमन सुगम होगा और लोगों को सीधा लाभ मिलेगा।

इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी, जल संसाधन सह संसदीय कार्य मंत्री श्री विजय कुमार चौधरी, उद्योग सह पथ निर्माण एवं भागलपुर जिले के प्रभारी मंत्री डॉ० दिलीप कुमार जायसवाल, सांसद श्री अजय कुमार मंडल, विधायक श्री कुमार शैलेंद्र, विधायक श्री शैलेश कुमार उर्फ बुलो मंडल, विधायक श्री शुभानंद मुकेश, विधायक श्री रोहित पांडे, विधायक श्री ललित नारायण मंडल, विधायक श्री मिथुन कुमार, विधान पार्षद डॉ० एन० के० यादव, विधान पार्षद डॉ० संजीव कुमार सिंह, विधान पार्षद श्री विजय कुमार सिंह, सामान्य प्रशासन विभाग एवं शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव डॉ० बी० राजेंदर, मुख्यमंत्री के सचिव श्री कुमार रवि, भागलपुर प्रमंडल के आयुक्त श्री अवनीश कुमार सिंह, भागलपुर प्रक्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक श्री विवेक कुमार, भागलपुर के जिलाधिकारी डॉ० नवल किशोर चौधरी, वरीय पुलिस अधीक्षक श्री प्रमोद कुमार यादव सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति एवं वरीय अधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *