खूंटी में बाईपास निर्माण कार्य अबतक शुरू नहीं होने से लोगों में मायूसी

गणादेश ब्यूरो

खूंटी शहर के लोगों की बहुचर्चित मांग बाईपास सड़क निर्माण है और कुछ दिन पहले उम्मीद की किरण झलकने लगी थी,जब लोकसभा चुनाव प्रचार से पहले पूर्व केंद्रीय मंत्री सह सांसद अर्जुन मुंडा ने कचहरी मैदान में बाईपास निर्माण के लिए शिलान्यास कार्यक्रम रखा था। इसका शिलान्यास ऑनलाइन केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के हाथों हुआ था। कार्यक्रम में कहा गया था कि जल्द ही भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू होगी। लोकसभा चुनाव तो संपन्न हो गया और केंद्र में फिर से पीएम मोदी के नेतृत्व में एनडीए की सरकार भी बन गई। वहीं खूंटी लोकसभा क्षेत्र से एनडीए प्रत्याशी अर्जुन मुंडा चुनाव हार गए और इंडिया प्रत्याशी कालीचरण मुंडा सांसद बन गए। लेकिन बाईपास सड़क निर्माण कार्य अबतक शुरू नहीं हुआ। खूंटी के लोग अब नए सांसद कालीचरण पर बाईपास निर्माण कार्य जल्द से जल्द शुरू करवाने की उम्मीद रख रहे हैं। पिछले वाला सांसद के पांच साल के कार्यकाल में तो नहीं हो पाया अब वर्तमान वाले पर आशा है।
वहीं सांसद कालीचरण मुंडा ने कहा कि पूर्व केंद्रीय मंत्री सह पूर्व सांसद अर्जुन मुंडा ने अपने पांच साल के कार्यकाल में इस पर कुछ नहीं किया। लोकसभा चुनावी से पहले चुनाव में लाभ लेने के लिए जल्दीबाजी में बाईपास सड़क निर्माण कार्य का शिलान्यास करवा दिया गया। जबकि इसके लिए भूमि अधिग्रहण,टेंडर का कार्य सहित कई जरूरी कार्यों को पूरा नहीं किया गया। चुनाव बीत जाने के बाद भी भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू नहीं हुई है। लेकिन मैं इस पर गंभीर हूं, संसद में खूंटी बाई पास का मुद्दा उठाऊंगा और जल्द से जल्द इसे पूरा करवाऊंगा। विभाग के मंत्री से मिलेंगे और बात रखेंगे। उन्होंने कहा कि खूंटी में बाईपास ही नहीं और भी कई योजनाओं को यहां पर लाने का प्रयास करूंगा।
वहीं पूर्व झाविमो जिला अध्यक्ष सह पॉलिटिकल नेता दिलीप मिश्रा ने कहा कि खूंटी का दुर्भाग्य है कि अबतक बाई पास का निर्माण नहीं हो पाया है। खूंटी के सांसद रहे केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा के कार्यकाल में भी बाई पास का निर्माण कार्य नहीं हो पाया है। केंद्र की भाजपा सरकार यदि चाहती तो बाई पास सड़क निर्माण कब का पूरा हो गया होता,लेकिन ऐसा नहीं हुआ। बाई पास निर्माण कार्य फिर पांच साल के लिए लटक गया।मुरहू प्रखंड के उप प्रमुख अरुण कुमार साबू ने कहा कि खूंटी में बाई पास का निर्माण बहुत ही जरूरी है। मुख्य मार्ग से रोजाना सैकड़ों भारी वाहनों का आवागमन होता है। इस दौरान हमेशा सड़क जाम रहता है। इससे स्थानीय लोगों को काफी समस्याएं होती है।
वहीं खूंटी शहर के एक दर्जन से अधिक लोगों से बात करने पर कहा कि जब बीजेपी के सांसद अर्जुन मुंडा के कार्यकाल में बाईपास का निर्माण नहीं हो पाया तो अब कांग्रेस सांसद कालीचरण मुंडा के कार्यकाल में पूरा होना संभव नहीं लग रहा है। खूंटी की जनता को हर रोज सड़क जाम की समस्या झेलने की अब आदत पड़ चुकी है। वैसे विधानसभा चुनाव भी करीब है।इसमें भी बाईपास का मुद्दा उठेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *