बाबा विद्यापति स्मारक समिति में देवोत्थान एकादशी पर वैदिक विधि से हुई पूजा, तुलसी विवाह के साथ गूंजे भक्ति गीत
रांची : बाबा विद्यापति स्मारक समिति कार्यालय में शनिवार को देवोत्थान एकादशी के अवसर पर भव्य पूजा-अर्चना का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ पंडित बिन्दु शेखर झा द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के साथ किया गया। यजमान के रूप में समिति के संयुक्त सचिव श्री संतोष मिश्रा ने पूजा आरंभ की।देवोत्थान एकादशी के इस पावन अवसर पर भगवान हरि विष्णु को शालिग्राम रूप में केतारी सिंहासन पर विराजमान कर पूजा-अर्चना की गई। मान्यता के अनुसार, चार महीनों की चिरनिद्रा के बाद इस दिन भगवान विष्णु जागृत होकर पुनः सृष्टि संचालन का दायित्व संभालते हैं। इसी के साथ शुभ कार्यों की शुरुआत मानी जाती है। कार्यक्रम में तुलसी विवाह का आयोजन भी पारंपरिक रीति से संपन्न हुआ।समिति के अध्यक्ष श्री जयन्त झा ने पूजा का विधिवत आरंभ करते हुए पूरे विश्व में शांति, समृद्धि और कल्याण की मंगलकामना की। उन्होंने कहा कि देवोत्थान एकादशी आत्मिक जागृति और शुभ कार्यों की शुरुआत का प्रतीक है।पूजन उपरांत श्रद्धालुओं के बीच शीतल प्रसाद का वितरण किया गया। वहीं पंडित बिन्दु शेखर झा ने एक से एक भक्तिमय भजनों की प्रस्तुति देकर माहौल को भक्ति रस से सराबोर कर दिया।
इस अवसर पर समिति के अध्यक्ष जयन्त झा, मृत्युंजय झा, डॉ. पंकज रॉय, मनोज झा, संतोष मिश्रा, सुमन झा, विनय सिंह, सौरभ कुणाल, राजेश झा, अनिल सिन्हा, राम सेवक महतो, रंजीत ठाकुर, मनोज चौधरी, आशीष पांडेय, मणिकांत ओझा, प्रेमचंद ठाकुर, राधेश्याम यादव सहित कई श्रद्धालु उपस्थित रहे और कार्यक्रम को सफल बनाया।



