सावन से पहले पहाड़ी मंदिर की तैयारियों का उपायुक्त ने लिया जायजा, श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के दिए सख्त निर्देश

रांची : आगामी सावन पर्व को लेकर जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने रविवार को पहाड़ी बाबा मंदिर परिसर का निरीक्षण कर चल रहे विकास कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि सावन माह में आने वाले लाखों श्रद्धालुओं को दर्शन, पूजा-अर्चना और अन्य सुविधाओं में किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए तथा सभी कार्य समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरे किए जाएं।

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने मंदिर तक जाने वाले सीढ़ी मार्ग, शौचालय निर्माण, श्रद्धालुओं के बैठने की व्यवस्था, पेवर ब्लॉक, पेयजल, विद्युत आपूर्ति और अन्य विकास कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि पहाड़ी बाबा रांचीवासियों की आस्था का प्रमुख केंद्र हैं, इसलिए श्रद्धालुओं की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। सुरक्षा, स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था और भीड़ प्रबंधन के लिए प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने के भी निर्देश दिए गए।

उपायुक्त ने सावन पर्व के दौरान शीशे की किसी भी प्रकार की पूजन सामग्री के उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध की जानकारी देते हुए श्रद्धालुओं से अपील की कि वे शीशे या धातु की ऐसी वस्तुएं मंदिर परिसर में न लाएं। साथ ही दुकानदारों से भी अनुरोध किया गया कि वे शीशे की पूजन सामग्री की बिक्री न करें।

निरीक्षण के बाद उपायुक्त ने जिला प्रशासन की ओर से पहाड़ी बाबा मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना कर जिले की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की। उन्होंने अधिकारियों को नियमित रूप से विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा कर किसी भी कमी को तत्काल दूर करने का निर्देश दिया।

इस अवसर पर अनुमंडल पदाधिकारी सदर कुमार रजत, सिटी एसपी पारस राणा, यातायात एसपी राकेश सिंह, प्रशिक्षु आईएएस आस्था शरण, नगर निगम एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी तथा पहाड़ी मंदिर समिति के सदस्य उपस्थित रहे। मंदिर समिति ने जिला प्रशासन के अधिकारियों का अंगवस्त्र पहनाकर सम्मान भी किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *