उपायुक्त ने विभिन्न विकास योजनाओं की समीक्षा कर दिए आवश्यक निर्देश
खूंटी: समाहरणालय स्थित सभागार में गुरुवार को उपायुक्त आर. रॉनिटा की अध्यक्षता में जिला समन्वय समिति हुई। बैठक में जिले में संचालित विभिन्न विकासात्मक एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की गहन समीक्षा की गई तथा अद्यतन प्रगति की जानकारी लेते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।बैठक में आपूर्ति, सामाजिक सुरक्षा, स्वास्थ्य, शिक्षा, सहकारिता, कृषि, पशुपालन, मत्स्य सहित अन्य विभागों की कार्यप्रगति की समीक्षा की गई।
आपूर्ति विभाग की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने राशनकार्ड की अद्यतन स्थिति, राशन एवं धोती-साड़ी वितरण तथा ई-केवाईसी के प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने सभी लाभुकों को ससमय राशन उपलब्ध कराने एवं शत-प्रतिशत ई-केवाईसी सुनिश्चित करने हेतु व्यापक प्रचार-प्रसार एवं जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए।
पशुपालन विभाग को मुख्यमंत्री पशुधन विकास योजना के अंतर्गत प्राप्त लक्ष्य के अनुसार शत-प्रतिशत लाभुकों को योजना का लाभ देने को कहा गया। स्वास्थ्य एवं समाज कल्याण विभाग को आपसी समन्वय स्थापित कर कार्य करने का निर्देश देते हुए मातृ-शिशु स्वास्थ्य तथा पोषण संबंधी गतिविधियों को प्रभावी ढंग से संचालित करने पर बल दिया गया। कृषि विभाग को किसानों को समय पर बीज उपलब्ध कराने तथा बीज वितरण की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
शिक्षा विभाग की समीक्षा के क्रम में उपायुक्त ने अत्यंत जर्जर विद्यालय भवनों की सूची उपलब्ध कराने का निर्देश दिया ताकि मरम्मत कार्य कर विद्यार्थियों को सुरक्षित शैक्षणिक वातावरण प्रदान किया जा सके। साथ ही विद्यालयों में नियमित रूप से चिकित्सकों की उपस्थिति में चिकित्सा शिविर आयोजित करने की बात कही गई।
उपायुक्त ने यह भी निर्देश दिया कि जिले के सीएचसी, पीएचसी, विद्यालय, महाविद्यालय, पर्यटक स्थल अथवा अन्य महत्वपूर्ण स्थलों तक पहुँचने हेतु यदि कहीं भी पहुंच पथ नहीं है या जर्जर स्थिति में है, तो उसकी सूची तैयार कर उपलब्ध कराई जाए ताकि वहाँ पहुंच पथ का निर्माण कराया जा सके। उपायुक्त ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ जनकल्याणकारी योजनाओं का समयबद्ध व गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इस बैठक में उप विकास आयुक्त श्री आलोक कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी, परियोजना निदेशक आईटीडीए, अपर समाहर्ता, एसडीपीओ, सिविल सर्जन, एवं अन्य विभागों के वरीय पदाधिकारी उपस्थित थे।



