पोषण माह 2025 के तहत जागरूकता रथ को उपायुक्त श्रीमती आर. रॉनिटा ने दिखाई हरी झंडी
खूंटी : 17 सितंबर से 22 अक्टूबर 2025 तक चलने वाले पोषण माह को सफल बनाने हेतु गुरुवार को समाहरणालय परिसर से उपायुक्त आर. रॉनिटा ने जन-जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर उपायुक्त ने कहा कि पोषण माह के दौरान जिले में विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से आमजनों को संतुलित आहार, स्वच्छता, एनीमिया निवारण, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य संबंधी जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी।
जिला समाज कल्याण विभाग की ओर से संचालित यह जागरूकता रथ गांव-गांव पहुंचकर लोगों को कुपोषण की समस्या, पोषक तत्वों से भरपूर आहार के महत्व तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करेगा। रथ के माध्यम से पोषण संबंधी जानकारी दी जाएगी, जिससे जनभागीदारी सुनिश्चित हो सके। बच्चों और किशोरियों के लिए संतुलित आहार की जानकारी और नियमित स्वास्थ्य जांच बेहद जरूरी है। उपायुक्त ने कहा कि पोषण माह के माध्यम से जनमानस में व्यवहार परिवर्तन लाने का प्रयास होना चाहिए।
सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि वे इस अभियान में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित कर जिले को कुपोषण मुक्त बनाने में सहयोग प्रदान करें। इस अवसर पर उप विकास आयुक्त श्री आलोक कुमार, परियोजना निदेशक आईटीडीए श्री आलोक शिकारी कच्छप, अपर समाहर्ता श्री परमेश्वर मुण्डा, डीसीएलआर श्री अरविंद कुमार, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी समेत अन्य जिला स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे।



