डीसी-एसपी ने वज्र गृह, रिसीविंग सेंटर एवं मतगणना केंद्र का किया निरीक्षण
खूंटी: नगरपालिका (आम) निर्वाचन के सफल एवं निष्पक्ष संचालन को लेकर जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त आर० रॉनिटा एवं पुलिस अधीक्षक श्री मनीष टोप्पो द्वारा गुरुवार को कदमा स्थित कृषि उत्पादन बाजार समिति भवन में बन रहे वज्र गृह, रिसीविंग सेंटर एवं प्रस्तावित मतगणना केंद्र का संयुक्त रूप से स्थलीय निरीक्षण किया गया। साथ हीं निर्वाचन की सम्पूर्ण तैयारियों को लेकर सभी आर०ओ० एवं विभिन्न कोषांगों के वरीय पदाधिकारियों संग समीक्षा बैठक कर आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए।
उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक ने मतगणना कक्ष, बज्रगृह, रिसीविंग सेंटर समेत अन्य कक्ष का जायजा लिया। उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए सुरक्षा व्यवस्था, बैरिकेडिंग, सीसीटीवी, पार्किंग, मीडिया गैलेरी तथा अभ्यर्थियों एवं मतगणना एजेंट के लिए समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने वज्र गृह की सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरतने पर बल दिया।
जिसके पश्चात उपायुक्त ने नगरपालिका निर्वाचन कोषांग, कार्मिक कोषांग, मतपत्र एवं मतपेटिका कोषांग, सामग्री कोषांग, परिवहन कोषांग, विधि-व्यवस्था-सह-आचार संहिता कोषांग, हेल्पलाइन एवं जन शिकायत कोषांग, प्रेक्षक कोषांग, प्रशिक्षण कोषांग, मीडिया कोषांग, निर्वाचन व्यय अनुश्रवण कोषांग, सूचना तकनीकी कोषांग तथा नियंत्रण कक्ष के सुचारु क्रियान्वयन को लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
उपायुक्त ने निर्वाचन कार्य में लगे मतदान एवं मतगणना कर्मियों को अच्छे से प्रशिक्षण देने का निर्देश दिया। मतदान कर्मियों को मतदान केंद्रों तक ले जाने के लिए वाहनों की पर्याप्त व्यवस्था एवं पुलिस बल के साथ टैगिंग, अंतिम रेंडमाइजेशन समेत अन्य विषयों पर उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक ने विचार विमर्श कर संबंधित कोषांग के अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। नगरपालिका (आम) निर्वाचन, 2026 के लिए गठित सभी कोषांग को राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा जारी मार्गदशिका एवं निर्देशों का शत प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करते हुए उत्तरदायित्व पूर्ण ससमय निर्वाचन कार्य करना सुनिश्चित करे।
22 फरवरी को मतदान कर्मियों का होने वाले डिस्पैच को उपायुक्त ने मतदान के लिए जरूरी सामग्री के साथ मतदान कर्मियों का ससमय डिस्पैच सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया, मतदान के दिन ससमय मतदान प्रारंभ कराने, मतदान केंद्र को सुव्यवस्थित रखने समेत अन्य आवश्यक निर्देश दिए, जिससे मतदाताओं को मतदान करने में समस्या न हो। मतदान सम्पन्न कराने के पश्चात ससमय रिसिविंग सेंटर तक वापस लाने, रिसीविंग, मतगणना, सुरक्षा व्यवस्था समेत अन्य जरूरी विषयों को लेकर उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक ने सभी आर०ओ० एवं सभी संबंधित पदाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी को आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए। जिससे सफलता पूर्वक नगरपालिका (आम) निर्वाचन को सम्पन्न कराया जा सके।
इस बैठक में उप विकास आयुक्त श्री आलोक कुमार, परियोजना निदेशक आईटीडीए श्री आलोक शिकारी कच्छप, अपर समाहर्ता श्री परमेश्वर मुण्डा, अनुमंडल पदाधिकारी श्रीमती दिपेश कुमारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी श्री वरुण रजक, जिला पंचायतीराज पदाधिकारी, जिला कल्याण पदाधिकारी, डीसीएलआर, उप निर्वाचन पदाधिकारी, जिला परिवहन पदाधिकारी सहित सभी आर०ओ०, विभिन्न कोषांगों के नोडल पदाधिकारी एवं अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।



