नव वर्ष 2026 के पहले दिन मंदिरों में श्रद्धालुओं की उमड़ी भीड़,पिकनिक स्पॉट रहा गुलजार

रांची: नव वर्ष 2026 के पहले दिन राजधानी रांची सहित पूरे झारखंड के मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। भक्तों ने पूजा अर्चना कर अपने परिवार के सुख शांति की कामना की। वहीं कई पिकनिक स्पॉट पर भी काफी भीड़ देखी गई।
इस अवसर पर मंदिरों में विशेष साज सज्जा की गई थी। रांची के प्रमुख मंदिरों में शामिल पहाड़ी मंदिर में नए साल के पहले दिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। प्रातः 4 बजे सरकारी पूजा के बाद भक्तों के लिए पहाड़ बाबा का दर्शन शुरू किया गया। पहाड़ी मंदिर विकास समिति के अध्यक्ष राजेश साहू ने बताया कि सुबह से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की लंबी कतारें देखने को मिलीं। शहर के अलग-अलग हिस्सों से श्रद्धालु अपनी मनोकामनाओं के साथ भोलेनाथ के दर्शन के लिए पहुंचे। रातू रोड निवासी ऋषभ सिंह ने बताया कि वह हर वर्ष अपने परिवार के साथ पहाड़ी बाबा का दर्शन करने आते हैं और इस बार भी भोलेनाथ से कृपा बनाए रखने की प्रार्थना की।
वहीं प्रभु जगन्नाथ को समर्पित रांची के ऐतिहासिक जगन्नाथ मंदिर में भी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रही। प्रातः 6 बजे मंगल आरती के बाद 6:30 बजे श्रद्धालुओं के लिए मंदिर का पट खोल दिया गया। मंदिर के प्रथम सेवक ठाकुर सुधांशुनाथ शाहदेव ने बताया कि प्रभु जगन्नाथ के प्रति भक्तों की गहरी आस्था के कारण लोग मंदिर खुलने से पहले ही कतार में खड़े हो गए थे। अपराह्न 12:15 बजे हजारों भक्तों के बीच महाभोग का वितरण किया गया।
राम भक्तों के लिए बेहद महत्वपूर्ण श्री राम जानकी तपोवन मंदिर में नव वर्ष के अवसर पर भव्य रूप से पूजा अर्चना का आयोजन किया गया। मंदिर के महंत ओम प्रकाश शरण ने बताया कि सुबह 6 बजे से श्रद्धालुओं का आगमन शुरू हो गया था, जो अपराह्न 1 बजे तक जारी रहा। इसके बाद शाम 3:30 बजे से लेकर रात 9 बजे तक भक्तों ने दर्शन किए। पूरे दिन करीब 10,000 श्रद्धालुओं ने भगवान के दर्शन किए।
उन्होंने कहा कि अंग्रेजी नव वर्ष पर लोगों की सोच में बदलाव आ रहा है। अब लोग नए साल की शुरुआत मंदिरों और मठों में आकर पूजा-अर्चना के साथ कर रहे हैं, जो एक सकारात्मक संकेत है।
वहीं खूंटी जिले के मुरहू प्रखंड स्थित पंचघाघ झील में बड़ी संख्या में पिकनिक मनाने वाले लोगों ने इंजॉय किया। पांचघाघ परिसर में ग्रामसभा द्वारा बनाए गए स्टॉलों में कई दुकानें सजी थीं। यहां कच्चे चावल, मसाले और चिकन की बिक्री हो रही थी, वहीं कुछ दुकानदार गरमागरम देसी चिकन बनाकर सैलानियों को परोसते नजर आए।
पर्यटक मित्र दुर्गा भेंगरा और देवेंद्र सिंह ने बताया कि नववर्ष के अवसर पर पंचघाघ में लोग खुशी और उत्साह के साथ जश्न मना रहे हैं तथा एक-दूसरे को नववर्ष की शुभकामनाएं दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि सैलानियों की हर संभव सुविधा का ध्यान रखा जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *