बीएसएल के सीओ एंड सीसी में पीसीआई कोल लोडिंग प्वाइंट का कमीशनिंग
बोकारो – बोकारो इस्पात संयंत्र के कोक ओवन एवं कोल केमिकल्स (सीओ एंड सीसी) विभाग के अंतर्गत कोल हैंडलिंग प्लांट में स्थापित नव-निर्मित पीसीआई कोल लोडिंग स्टेशन का उद्घाटन निदेशक प्रभारी, बोकारो इस्पात संयंत्र, प्रिय रंजन द्वारा किया गया। इस अवसर पर अधिशासी निदेशक (संकार्य) अनूप कुमार दत्त सहित विभिन्न विभागों के मुख्य महाप्रबंधक, वरिष्ठ अधिकारी तथा कर्मचारी उपस्थित रहे।यह पहल संयंत्र में परिचालन दक्षता बढ़ाने तथा लागत में कमी लाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इस परियोजना का निष्पादन मुख्य महाप्रबंधक (सीओ एंड सीसी) भास्कर प्रसाद के मार्गदर्शन में पूर्णत आंतरिक संसाधनों के माध्यम से किया गया। मुख्य महाप्रबंधक (मैकेनिकल) प्रकाश कुमार के नेतृत्व में केन्द्रीय यांत्रिक अनुरक्षण टीम का सक्रिय सहयोग प्राप्त हुआ। सीओ एंड सीसी विभाग की यांत्रिक एवं विद्युत टीमों ने केन्द्रीय यांत्रिक अनुरक्षण टीम के साथ प्रभावी समन्वय स्थापित करते हुए रिकॉर्ड अवधि में इस कार्य को सफलतापूर्वक पूर्ण किया।
इस नई व्यवस्था के अंतर्गत कोक ओवन एवं कोल केमिकल्स विभाग के कोल साइलो संख्या-29 के नीचे स्थित वेइंग फीडर को डायवर्ट कर पीसीआई कोयले को सीधे ट्रकों में अनलोड करने की सुविधा विकसित की गई है। इससे ब्लास्ट फर्नेस में कोयले की आपूर्ति हेतु परिवहन प्रक्रिया अधिक सुगम एवं सुरक्षित हो सकेगी। उल्लेखनीय है कि पूर्व में पीसीआई कोयले की अनलोडिंग पीसीआई कोल यार्ड में मैनुअल विधि से की जाती थी।इस सुविधा के आरंभ होने से रेलवे-डेमरेज में उल्लेखनीय कमी आएगी तथा बोकारो इस्पात संयंत्र को महत्वपूर्ण आर्थिक बचत प्राप्त होगी। यह पहल संयंत्र की आत्मनिर्भरता, लागत-प्रभावशीलता एवं सतत सुधार के प्रति प्रतिबद्धता को स्पष्ट रूप से दर्शाती है।



