करम पूजा महोत्सव में मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन और विधायक कल्पना सोरेन हुए शामिल
रांची: राजधानी रांची स्थित महिला महाविद्यालय (साइंस ब्लॉक) स्थित आदिवासी छात्रावास परिसर में आयोजित को करम पूजा महोत्सव में मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन और विधायक कल्पना सोरेन शामिल हुए ।
मुख्यमंत्री ने अखरा में स्थापित करम डाली के समक्ष विधिवत पूजा-अर्चना की और झारखंडवासियों की सुख, समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की। उन्होंने राज्य की जनता को करम पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं भी दीं।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने अपने संबोधन में कहा कि हम सभी परंपराओं और संस्कृति से बंधे हुए हैं। करम पर्व हमारी विशिष्ट संस्कृति, सभ्यता और जीवनशैली का प्रतीक है। यह पर्व भाई-बहन के अटूट रिश्ते, सामाजिक समरसता और प्रकृति के प्रति गहरी आस्था का प्रतीक है। हमारी बहनों ने हर मौसम में इस पर्व को निभाकर संस्कृति की मजबूती का परिचय दिया है।
उन्होंने आगे कहा कि हमारे पूर्वजों ने जो परंपरा हमें सौंपी है, उसे आने वाली पीढ़ियां भी श्रद्धा और सद्भाव के साथ आगे बढ़ाएं। इस परंपरा और संस्कृति को और मजबूत बनाना हम सबकी जिम्मेदारी है।
इस अवसर पर केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ, झारखंड सरकार की मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की, विधायक कल्पना सोरेन समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।



