चेन छिनतई गिरोह का खुलासा, दो गिरफ्तार; 19 ग्राम सोना और चोरी के वाहन बरामद

रांची: रांची पुलिस ने चेन छिनतई करने वाले एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में बीआईटी सिरतनगर निवासी सद्दाम अंसारी (30) और बीआईटी मेसरा चौक स्थित वर्मा ज्वेलर्स के संचालक रमेश प्रसाद स्वर्णकार (38) शामिल हैं। पुलिस ने इनके पास से करीब 19 ग्राम गलाया हुआ सोना, एक चोरी की टीवीएस स्कूटी और एक हीरो पैशन प्रो मोटरसाइकिल बरामद की है।
वरीय पुलिस अधीक्षक को मिली गुप्त सूचना के आधार पर 23 जुलाई को नामकुम थाना पुलिस ने रेलवे फ्लाईओवर के पास वाहन जांच अभियान चलाया। इस दौरान एक संदिग्ध युवक को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन वह भागने लगा। पुलिस ने पीछा कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में उसकी पहचान सद्दाम अंसारी के रूप में हुई। जांच में मोटरसाइकिल चोरी की निकली और उसका चेसिस नंबर भी मिटाया गया था।
कड़ी पूछताछ में सद्दाम ने स्वीकार किया कि वह चोरी के वाहनों का इस्तेमाल कर अपने साथियों के साथ रांची के विभिन्न थाना क्षेत्रों में महिलाओं से सोने की चेन छीनता था। उसने नामकुम, कांके, लालपुर और बरियातू थाना क्षेत्रों में हुई कई चेन छिनतई की घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। आरोपी ने यह भी बताया कि लूटी गई चेन को बीआईटी मेसरा स्थित एक ज्वेलरी दुकान में औने-पौने दाम पर बेच दिया जाता था।
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने वर्मा ज्वेलर्स में छापेमारी कर करीब 19 ग्राम गलाया हुआ सोना बरामद किया और दुकान संचालक रमेश प्रसाद स्वर्णकार को भी गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, गिरोह चोरी के दोपहिया वाहनों का उपयोग कर महिलाओं को निशाना बनाता था और लूटे गए आभूषणों को गलाकर बाजार में खपाता था। मामले में गिरोह के अन्य सदस्यों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *