सेवा का अधिकार सप्ताह में बोकारो ने मारी बाज़ी,प्रधान सचिव ने बोकारो को दी बधाई

बोकारो -आपकी योजना आपकी सरकार आपके द्वार सेवा का अधिकार सप्ताह के तहत बोकारो जिले में सात दिवसीय विशेष अभियान का प्रभावी आयोजन किया गया। जन सहभागिता, पारदर्शी व्यवस्था और व्यापक सेवा वितरण के आधार पर आवेदन निष्पादन में बोकारो राज्य के शीर्ष तीन जिलों में शामिल हुआ। अभियान के दौरान विभिन्न पंचायतों में लगाए गए शिविरों में भारी संख्या में ग्रामीण पहुंचे और त्वरित सेवाओं का लाभ उठाया।जिले के नोडल पदाधिकारी एवं सड़क निर्माण विभाग (आरसीडी) के प्रधान सचिव सुनील कुमार ने वीडियो संवाद के माध्यम से अभियान की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने बोकारो प्रशासन द्वारा किए गए व्यवस्थित प्रयासों को सराहा और सफलता के लिए पूरी टीम को बधाई दी।वहीं, उपायुक्त अजय नाथ झा ने भी जिला एवं प्रखंड स्तरीय अधिकारियों की प्रशंसा करते हुए प्राप्त आवेदनों को क्रमवार, विधिसम्मत और समयबद्ध तरीके से निष्पादित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अभियान न केवल सेवाओं को जन-द्वार तक पहुंचाता है, बल्कि शासन के प्रति विश्वास और पारदर्शिता को भी बढ़ाता है।अभियान के सातवें और अंतिम दिन जिले के सभी प्रखंडों में आयोजित शिविरों में लोगों की उल्लेखनीय भीड़ देखने को मिली। दर्जनों विभागों की ओर से लगाए गए स्टॉलों पर ग्रामीण अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे और मौके पर ही समाधान प्राप्त कर संतुष्ट दिखे। ग्रामीणों ने बताया कि शिविरों के माध्यम से वे ऐसी सेवाएं और योजनाएं प्राप्त कर रहे हैं, जिनके लिए पहले कई दिनों तक कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ते थे। सेवा का अधिकार सप्ताह ने प्रशासन और जनता के बीच दूरी कम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।अभियान के दौरान जिले के वरीय नोडल पदाधिकारियों ने विभिन्न प्रखंडों के शिविरों का निरीक्षण किया। उन्होंने सेवा वितरण, स्टॉल प्रबंधन, तकनीकी सहायता और लाभुकों की समस्याओं के निराकरण की स्थिति की समीक्षा की और ग्रामीणों से सीधा संवाद स्थापित किया। पदाधिकारियों ने विभागवार उपलब्ध सेवाओं की समीक्षा की और सुनिश्चित किया कि प्रत्येक लाभुक को उनकी जरूरत के अनुसार सहायता मिले।प्रशासन ने शिविरों के सुचारू संचालन के लिए विशेष प्रबंधन किया था। पंचायत परिसरों में हेल्प डेस्क, पेयजल व्यवस्था, बैठने की उचित व्यवस्था, पुलिस सहायता केंद्र, मीडिया सेंटर, तकनीकी सहयोग उपलब्ध था। इन व्यवस्थाओं ने लाभुकों को निर्बाध सेवा प्राप्त करने में सहायता की। ग्रामीणों ने कहा कि आपकी योजना आपकी सरकार आपके द्वार अभियान ने सरकारी सेवाओं को अधिक सरल, सुलभ और पारदर्शी बनाया है।अभियान के दौरान सभी विभागों में प्राप्त आवेदनों की बड़ी संख्या से स्पष्ट है कि लोगों में सेवा अधिकार को लेकर जागरूकता बढ़ी है। शिविरों में आय, आवासीय, जाति, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, राशन कार्ड और विभिन्न प्रमाणपत्रों की मांग सबसे अधिक रही। प्रशासन का दावा है कि अधिकांश आवेदन तुरंत या निर्धारित समयसीमा के भीतर निस्तारित कर दिए जाएंगे। बोकारो में इस अभियान की सफलता ने जिले को राज्य में बेहतर प्रशासनिक कार्य संस्कृति का उदाहरण बनाकर पेश किया है।उपायुक्त अजय नाथ झा ने कहा कि आपकी योजना आपकी सरकार आपके द्वारा सेवा का अधिकार सप्ताह बोकारो जिले के लिए अत्यंत सफल रहा। आवेदन निष्पादन में राज्य के शीर्ष तीन जिलों में शामिल होना साबित करता है कि सुव्यवस्थित प्रबंधन, जन सहभागिता और प्रशासनिक प्रतिबद्धता किसी भी अभियान को नई ऊंचाइयों तक ले जा सकती है। जिले में ग्रामीणों द्वारा व्यक्त संतुष्टि और अधिकारियों द्वारा की गई प्रशंसा यह दर्शाती है कि बोकारो राज्य में बेहतर सेवा वितरण का केंद्र बनकर उभर रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *