Bihar News : नीतीश का ‘विकास संदेश’ भागलपुर से: योजनाओं की बारिश, संवाद की बौछार और भरोसे की नई दस्तक

गणादेश,भागलपुर : जिले के सन्हौला प्रखंड स्थित अरार धुआवै के संवाद यात्रा मंच पर सीएम ने जब कहा कि बिहार अब रुकने वाला नहीं तो शब्दों में वादा कम और विश्वास ज्यादा झलक रहा था। मंच पर न घोषणाओं की कमी थी, न योजनाओं की गिनती आसान थी। कह सकते हैं कि भागलपुर के सन्हौला स्थित अरार धुआवै में विकास का मेला लगा था और उसका सूत्रधार खुद सीएम नीतीश कुमार थे। मंच पर जेडीयू के जिला अध्यक्ष बीपीन बिहारी सिंह, प्रदेश महासचिव ई शुभानंद मुकेश व अन्य ने सीएम को बुके, गुलदस्ता देकर स्वागत किया।

अरार-धुआवे स्थित श्री चंडिका मिश्री लाल कृष्ण प्रसाद प्लस टू विद्यालय परिसर में मुख्यमंत्री ने रिमोट के जरिए ₹301 करोड़ 71 लाख की 59 योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इस ऐतिहासिक पहल में 43 योजनाओं का उद्घाटन ₹141.99 करोड़ और 16 योजनाओं का शिलान्यास ₹159.71 करोड़ से किया। ये योजनाएं स्वास्थ्य, सड़क, बिजली, सिंचाई, खेल, और संरचना जैसे जीवन के जरूरी क्षेत्रों से जुड़ी थीं।

 कुछ बड़ी योजनाएं जिन पर भागलपुर गर्व करेगा:

68.25 करोड़ – भागलपुर मेडिकल कॉलेज में 100 शैय्या और सदर अस्पताल में 50 शैय्या वाले क्रिटिकल केयर ब्लॉक, 24.79 करोड़ – नवगछिया में आधुनिक खेल अवसंरचना, 74.63 करोड़ – सिंचाई, विद्युत और अन्य विकास कार्य, 43.42 करोड़ – गोराडीह में 220 केवी संचरण लाइन, 41.66 करोड़ – नवगछिया – कटरिया रेल ओवरब्रिज, 56.91 करोड़ – सड़क, भवन, स्वास्थ्य केंद्र और मॉडल स्ट्रक्चरव

 सदानंद सिंह को भावभीनी श्रद्धांजलि

कार्यक्रम की शुरुआत पूर्व विधानसभा अध्यक्ष स्व. सदानंद सिंह की आदमकद प्रतिमा के अनावरण से हुई। मुख्यमंत्री ने माल्यार्पण कर उन्हें याद किया।

उनके पुत्र, जेडीयू प्रदेश महासचिव ई. शुभानंद मुकेश सहित पूरा परिवार इस भावुक पल का हिस्सा बना।

जीविका दीदी और पेंशनधारियों से मुख्यमंत्री ने बड़ी आत्मीयता से जीविका दीदियों, पेंशनधारियों, श्रमिकों और अन्य लाभुकों से संवाद किया।

यह कोई औपचारिक भाषण नहीं था। यह ज़मीन से जुड़ा संवाद था। उन्होंने कहा हमने सबका ख्याल रखा है। किसी को छोड़ा नहीं है। आप सभी के सहयोग से ही बिहार आज आगे बढ़ रहा है। और आगे भी बढ़ेगा। उपलब्धियों की झलक जो जनता को सीधे फायदा पहुंच  रही है। जिसमें रसोइयों का मानदेय: ₹1650 से बढ़ाकर ₹3300, पेंशन (वृद्धजन/दिव्यांग/विधवा): ₹400 से ₹1100, किसान सलाहकार: ₹13,000 – ₹21,000, निर्माण श्रमिकों को वस्त्र सहायता: ₹5000, स्वच्छता पर्यवेक्षक: ₹7500 – ₹9000, ग्रामीण आवास सहायक: ₹16,540 – ₹19,675, 125 यूनिट फ्री बिजली। जिससे गरीब परिवारों के लिए बड़ी राहत मिलेगी। जीविका दीदियों ने मंच से ही मुख्यमंत्री को धन्यवाद दिया।उनके चेहरों पर आत्मनिर्भरता की चमक थी और भरोसे की मुस्कान।

मौके पर डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी राज्यसभा सांसद संजय झा (जदयू कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष), सांसद अजय कुमार मंडल, विधायक गोपाल मंडल, पवन यादव, ललित मंडल, मुख्यमंत्री के विशेष कार्य पदाधिकारी गोपाल सिंह, भागलपुर प्रमंडल के आयुक्त हिमांशु कुमार राय, पुलिस महानिरीक्षक विवेक कुमार, डीएम डॉ. नवल किशोर चौधरी, एसएसपी हृदय कांत मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *