मुरहू में ब्लैक स्पॉट पर बैरिकेडिंग व्यवस्थित, उप प्रमुख की पहल से हादसों पर लगाम

खूंटी: मुरहू प्रखंड क्षेत्र में लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं को देखते हुए उप प्रमुख अरुण साबू ने रात्रि गश्ती के दौरान ब्लैक स्पॉट पर लगाए गए बैरिकेडिंग को देर रात करीब 11 बजे पुनः व्यवस्थित कराया। जानकारी के अनुसार, मुरहू थाना द्वारा दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए संबंधित स्थान पर चार बैरिकेड लगाए गए थे, लेकिन अज्ञात लोगों द्वारा उन्हें हटा दिया जाता था, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती थी।
उक्त स्थान को प्रशासन द्वारा “ब्लैक स्पॉट” के रूप में चिन्हित किया गया है, क्योंकि यहां प्रति माह औसतन 10 सड़क दुर्घटनाएं होती थीं। थाना प्रभारी श्री गॉडविन के नेतृत्व में लगाए गए बैरिकेड काफी हद तक प्रभावी साबित हुए हैं और दुर्घटनाओं में उल्लेखनीय कमी आई है।
उप प्रमुख अरुण साबू ने बताया कि क्षेत्र में बढ़ती दुर्घटनाओं को देखते हुए स्थानीय स्तर पर लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि मुरहू थाना प्रभारी श्री गॉडविन, उप प्रमुख स्वयं तथा गांव के महेश कुमार, रितेश कुमार, बंटी और अरुण कुमार प्रतिदिन रात्रि में गश्ती कर लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने का प्रयास करते हैं।
उप प्रमुख की इस पहल की ग्रामवासियों ने सराहना की है। प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी सहित अन्य अधिकारियों ने भी इसे सराहनीय कदम बताया है और सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *