सीएम हेमंत सोरेन से ऑस्ट्रेलिया के हाई कमिश्नर की मुलाकात, झारखंड में निवेश पर हुई चर्चा

गणादेश,रांची : मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन एवं विधायक कल्पना सोरेन से रविवार को मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में भारत में ऑस्ट्रेलिया के हाई कमिश्नर फिलिप ग्रीन ओएएम ने शिष्टाचार भेंट की। उनके साथ प्रोफेसर सुशान मार्क्स, अंतरराष्ट्रीय कानून विशेषज्ञ टॉम सैंडरफोर्ड, फर्स्ट सेक्रेटरी तथा सीनियर इकोनॉमिक रिसर्च ऑफिसर सुश्री अनघा भी मौजूद थीं। मुख्यमंत्री ने सभी विदेशी अतिथियों का पारंपरिक झारखंडी अंगवस्त्र और बुके भेंट कर गर्मजोशी से स्वागत किया।
मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और ऑस्ट्रेलियाई प्रतिनिधिमंडल के बीच कई अहम मुद्दों पर सकारात्मक और सार्थक चर्चा हुई। सूत्रों के अनुसार, बातचीत का प्रमुख विषय झारखंड में विदेशी निवेश की संभावनाएं रहीं। ऑस्ट्रेलियाई प्रतिनिधिमंडल ने झारखंड में उपलब्ध प्राकृतिक संसाधनों, खनन, ऊर्जा, उद्योग, शिक्षा और कौशल विकास जैसे क्षेत्रों में निवेश को लेकर गहरी रुचि दिखाई।
मुख्यमंत्री ने प्रतिनिधिमंडल को झारखंड सरकार की औद्योगिक नीति, निवेशकों के लिए उपलब्ध सुविधाओं और राज्य में बनाए जा रहे निवेश अनुकूल माहौल की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार चाहती है कि अधिक से अधिक विदेशी निवेश झारखंड में आए, जिससे स्थानीय लोगों को रोजगार के नए अवसर मिल सकें और राज्य औद्योगिक विकास के क्षेत्र में देश में अग्रणी भूमिका निभा सके।
सीएम हेमंत सोरेन ने बताया कि इसी दिशा में पहल करते हुए वे अगले वर्ष जनवरी में लंदन और स्विट्जरलैंड की विदेश यात्रा पर जाएंगे। इस दौरान उद्योग विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी उनके साथ रहेंगे। इस यात्रा का उद्देश्य अंतरराष्ट्रीय स्तर पर निवेशकों को झारखंड की संभावनाओं से अवगत कराना और राज्य में औद्योगिक विकास को नई गति देना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *