आलोक कुमार दूबे ने किया राजधानी के विभिन्न काली पूजा पंडालों का दौरा, 24 तारीख तक विसर्जन संपन्न करने का किया अनुरोध
गणादेश,रांची :रांची महानगर काली पूजा समिति के मुख्य संरक्षक आलोक कुमार दूबे ने बुधवार को राजधानी रांची के विभिन्न काली पूजा पंडालों का दौरा किया, समिति के पदाधिकारियों एवं श्रद्धालुओं से मुलाकात की। इस अवसर पर उन्होंने सभी पूजा समितियों से अपील की कि वे श्रद्धा और अनुशासन के साथ मां काली की पूजा-अर्चना करें तथा 24 अक्टूबर तक सभी प्रतिमाओं का विसर्जन शांतिपूर्ण और निर्धारित स्थलों पर करें।
उन्होंने कहा कि प्रशासन की ओर से उचित व्यवस्था की गई है, लेकिन सभी पूजा समितियों और श्रद्धालुओं का सहयोग आवश्यक है ताकि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या दुर्घटना न हो। दूबे ने विशेष रूप से युवाओं से आग्रह किया कि वे विसर्जन जुलूस के दौरान संयम और अनुशासन बनाए रखे तथा एकता, सौहार्द और भाईचारे का संदेश दें।
उन्होंने यह भी बताया कि 24 तारीख से राजधानी रांची में एथलेटिक्स का अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजन प्रारंभ हो रहा है, जिसमें विदेशों से भी खिलाड़ी पहुंचने लगे हैं। ऐसे में आवश्यक है कि सभी पूजा समितियाँ 24 तारीख तक विसर्जन की प्रक्रिया पूरी कर लें, ताकि यातायात और सुरक्षा व्यवस्था सुचारू बनी रहे।
दौरे के दौरान आलोक कुमार दूबे ने कहा कि काली पूजा केवल आस्था का पर्व नहीं, बल्कि शक्ति, एकता और मातृत्व का प्रतीक है। हमें इस अवसर पर समाज में भाईचारे, प्रेम और सेवा का संकल्प लेना चाहिए।
उन्होंने शहर के कई प्रमुख पूजा पंडालों जैसे डोरंडा बाजार, सरजना चौक, सुकरहुटू और हरमू क्षेत्र में पूजा समितियों के सदस्यों से भी संवाद किया और उनके उत्कृष्ट आयोजन की सराहना की।



