रांची विश्वविद्यालय में चल रही शैक्षणिक अव्यवस्था पर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने विरोध-प्रदर्शन किया
रांची :रांची विश्वविद्यालय में चल रही शैक्षणिक अव्यवस्था, परीक्षा परिणामों में लगातार हो रही देरी और प्रशासनिक लापरवाही के खिलाफ अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने सोमवार को विश्वविद्यालय परिसर में जोरदार विरोध-प्रदर्शन किया। परिषद के कार्यकर्ताओं ने कहा कि विश्वविद्यालय प्रशासन की लापरवाही और उदासीन रवैये का खामियाज़ा सबसे अधिक छात्रों को भुगतना पड़ रहा है।
छात्रों ने कहा कि ग्रेजुएशन सेमेस्टर-IV का परिणाम अब तक जारी नहीं हुआ है। कई विषयों की उत्तर पुस्तिकाएँ गायब होने के कारण रिज़ल्ट रुका हुआ था। लंबे संघर्ष के बाद परीक्षा नियंत्रक ने आश्वासन दिया है कि 5 सितम्बर तक रिज़ल्ट जारी किया जाएगा।
IMS का एग्ज़ाम, जो पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 9 सितम्बर से होना था, उसे अचानक 19 सितम्बर तक स्थगित कर दिया गया। इस प्रकार की अनिश्चितता से छात्रों की पढ़ाई और तैयारी प्रभावित हो रही है।
ग्रेजुएशन फ़ाइनल ईयर का रिज़ल्ट लगातार देर से घोषित किया जा रहा है। इसके कारण छात्र-छात्राओं को अन्य विश्वविद्यालयों और संस्थानों में एडमिशन लेने में गंभीर परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
रांची विश्वविद्यालय में जिम्मेदार पदाधिकारियों की अनुपस्थिति के कारण कई छात्राओं का परीक्षा फ़ॉर्म सुधार समय पर नहीं हो पाया। नतीजतन, कई छात्राएँ परीक्षा से वंचित रह गईं। यह विश्वविद्यालय प्रशासन की घोर लापरवाही और छात्र विरोधी रवैये को दर्शाता है।
परीक्षा विभाग की व्यवस्था पूरी तरह चरमराई हुई है। कई संकायों के परिणाम महीनों से लंबित हैं, जिससे छात्र मानसिक दबाव और भविष्य की असुरक्षा का सामना कर रहे हैं।
परिषद का यह भी कहना है कि विश्वविद्यालय प्रशासन की उदासीनता से छात्रवृत्ति वितरण, प्रमाणपत्र निर्गमन और प्रवेश प्रक्रिया जैसी बुनियादी सुविधाएँ भी प्रभावित हो रही हैं।
अभाविप कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन तत्काल ठोस कदम नहीं उठाता और छात्रों की समस्याओं का समाधान नहीं करता, तो परिषद छात्रहित में व्यापक आंदोलन छेड़ने के लिए बाध्य होगी।महानगर मंत्री तुषार दुबे,प्रदेश मीडिया संयोजक गुड्डू राय,प्रियांशु,आनंद,कुमकुम गुप्ता के नेतृत्व में आज धरना प्रदर्शन व आंदोलन किया गया ।



