TRENDING NOW

ई मेल से न्यायालय को उड़ाने की धमकी के बाद सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा ,सी सी टीवी कैमरे से की जाएगी निगरानी

बोकारो : बोकारो व्यवहार न्यायालय को ई मेल से उड़ाने की धमकी के बाद न्यायालय की सुरक्षा को लेकर बोकारो जिला प्रशासन सख्त रुख अपनाने जा रही है।जानकारी के अनुसार 10 मार्च को प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश अनिल कुमार मिश्रा, बोकारो जिला उपायुक्त अजय नाथ झा तथा पुलिस अधीक्षक हरविंदर सिंह ने संयुक्त रूप से व्यवहार न्यायालय बोकारो की सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया। इस दौरान न्यायालय परिसर में विधि-व्यवस्था बनाएं रखने तथा सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने को लेकर अधिकारियों द्वारा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। साथ हीं न्यायालय परिसर निरीक्षण के क्रम में न्यायालय के मुख्य प्रवेश द्वार तथा आसपास के मुख्य मार्गों पर तत्काल सीसीटीवी कैमरा अधिष्ठापन करने का निर्देश दिया गया।
मौके पर अधिकारियों ने बताया कि व्यवहार न्यायालय परिसर तथा मुख्य सड़क की निगरानी सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से की जाएगी। सभी कैमरों की फीड जिला समेकित नियंत्रण कक्ष (सीसीआर) में उपलब्ध रहेगी, जहां से पूरी व्यवस्था पर नजर रखी जाएगी। कहा गया कि सुरक्षा व्यवस्था के प्रभावी संचालन के लिए प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी द्वारा समेकित नियंत्रण कक्ष से सीसीटीवी कैमरों की सतत मॉनिटरिंग की जाएगी।अधिकारियों ने न्यायालय परिसर में तैनात पुलिस जवानों को आवश्यक निर्देश देते हुए सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सतर्क एवं व्यवस्थित बनाए रखने पर बल दिया। कहा गया कि न्यायालय परिसर में आने वाले अधिवक्ताओं, वादियों एवं आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिकता है। इसके लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *