मनाली चौक को वीरांगना रानी लक्ष्मीबाई चौक नाम देने की ABVP ने की मांग
भागलपुर। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP), भागलपुर इकाई ने मनाली चौक का नाम बदलकर वीरांगना रानी लक्ष्मीबाई चौक किए जाने की मांग की है। इस संबंध में संगठन के एक प्रतिनिधिमंडल ने नगर आयुक्त से भेंट कर ज्ञापन सौंपा और जल्द निर्णय की अपील की।
प्रतिनिधिमंडल ने ज्ञापन में उल्लेख किया कि यह मांग ABVP द्वारा वर्षों से उठाई जा रही है, और अब समय आ गया है कि चौक का नाम उस महान वीरांगना के नाम पर रखा जाए, जो नारी शक्ति, स्वाभिमान और बलिदान की प्रतीक रही हैं।
महिला शिक्षा का प्रतीक स्थल
प्रतिनिधिमंडल ने तर्क दिया कि मनाली चौक के समीप ही एस.एम. कॉलेज स्थित है, जो महिला शिक्षा का एक प्रमुख केंद्र है। ऐसे में रानी लक्ष्मीबाई के नाम पर चौक का नामकरण न केवल ऐतिहासिक न्याय होगा, बल्कि यह महिला सशक्तिकरण को भी नई दिशा देगा।
शास्त्री जी का सम्मान, पर लोकभावना का सम्मान ज़रूरी
ABVP ने यह भी स्पष्ट किया कि उन्हें जानकारी मिली है कि चौक का नाम पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के नाम पर रखने का प्रस्ताव विचाराधीन है। संगठन ने कहा कि शास्त्री जी के योगदान को वे पूर्ण सम्मान देते हैं, परंतु स्थानीय जनभावनाओं, सामाजिक पृष्ठभूमि और महिला शिक्षा से जुड़े भूगोल को देखते हुए रानी लक्ष्मीबाई का नामकरण अधिक उपयुक्त होगा।
प्रतिनिधिमंडल की ओर से विभाग छात्रा प्रमुख ख़ुशी कुमारी, ABVP के प्रदेश सह मंत्री कुणाल पांडेय, सूर्या प्रताप (जिला संयोजक), अंकित आनंद (जिला सदस्यता प्रमुख) और पीयूष भारती (नगर मंत्री) शामिल थे। ।



