दिशा की बैठक में दोनों विधायकों का अनुपस्थित रहना जनता के साथ धोखा : बोदरा

खूंटी : खूंटी जिला के दोनों विधायकों का जिला विकास एवं समन्वय समिति की लगातार दो बैठकों में अनुपस्थित रहना, खूंटी और तोरपा विधानसभा क्षेत्र की जनता के साथ धोखा है। यह बयान झारखण्ड उलगुलान संघ के संयोजक अलेस्टेयर बोदरा ने प्रेस विज्ञप्ति जारी करते हुए कहा।

उन्होंने आगे कहा कि दोनों विधायकों का विधायक बनने का एक वर्ष होने को है, इस एक वर्ष में दिशा की बैठक में शामिल नहीं होकर दोनों विधायकों ने बता दिया कि जन मुद्दों से उन्हें कोई मतलब नहीं है। सप्ताह भर पहले, खूंटी विधायक की उपस्थिति में महिला महाविद्यालय भवन निर्माण का शिलान्यास भूमि विवाद के कारण नहीं हो पाया था।तब विधायक ने उपस्थित अधिकारी से कहा था कि दो दिन में समस्या का समाधान कर शिलान्यास की तिथि निश्चित किया जाए। एक सप्ताह गुजर गया भूमि विवाद सुलझाने का कोई भी प्रयास दिखाई नहीं दे रहा है। उसी तरह, तोरपा विधानसभा क्षेत्र के रनिया और तोरपा प्रखंड में जंगली हाथियों का प्रकोप है। उनके द्वारा खेती बारी तो बर्बाद किया ही जा रहा है, जान-माल को भी नुकसान पहुंचाया जा रहा है। इन जंगली हाथियों से छुटकारा के स्थायी समाधान की बात को विधायक द्वारा रखना चाहिए था। इसके अलावे, क्षेत्र के विकास के अनेकों जनमुद्दे हैं, जिन्हें दोनों विधायकों द्वारा दिशा की बैठक में रखना चाहिए था, जो पिछले एक साल से नहीं हो पाया। जनमुद्दों के प्रति दोनों विधायकों के संवेदनहीन रवैए से खूंटी जिला की जनता ठगा हुआ महसूस कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *