उपायुक्त आर रॉनिटा की अध्यक्षता में अल्पसंख्यक समुदाय के लिए क्योस्क का आवंटन को लेकर हुई बैठक

खूँटी : अल्पसंख्यक समुदाय के सामाजिक एवं आर्थिक सशक्तिकरण के उद्देश्य से राज्य सरकार द्वारा जिले के विभिन्न प्रखंडों में स्थापित क्योस्कों के आवंटन को लेकर समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में उपायुक्त  आर० रॉनिटा की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में परियोजना निदेशक आईटीडीए आलोक शिकारी कच्छप, जिला कल्याण पदाधिकारी प्रमोद राम सहित अल्पसंख्यक समुदाय के मनोनीत सदस्य उपस्थित रहे।

बैठक के दौरान विभिन्न प्रखंडों में निर्मित कुल 7 क्योस्क के लिए प्राप्त 12 आवेदनों की विस्तृत समीक्षा की गई। सभी आवेदनों के दस्तावेजों की जांच एवं पात्रता का परीक्षण करने के पश्चात पारदर्शी प्रक्रिया के तहत 7 पात्र लाभुकों का चयन कर उन्हें क्योस्क आवंटित करने का निर्णय लिया गया। इनमें खूँटी प्रखंड से 1, तोरपा से 1, अड़की से 2, रानियां से 1, कर्रा से 1 तथा मुरहू से 1 लाभुक को क्योस्क आवंटित किया गया।

इन क्योस्कों का आवंटन विशेष रूप से अल्पसंख्यक समुदाय के आर्थिक उन्नयन को ध्यान में रखते हुए किया गया है, ताकि लाभुक छोटे-छोटे व्यवसाय कर अपनी आजीविका को सुदृढ़ बना सकें। चयनित लाभुकों को यह क्योस्क निशुल्क रूप से उपलब्ध कराए गए हैं। प्राथमिकता उन लाभुकों को दी गई जो गरीबी रेखा से नीचे जीवन यापन कर रहे बीपीएल कार्डधारी हैं।

चयनित लाभुकों को क्योस्क के संचालन की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी, जिससे वे स्वावलंबी बन सकें और अपने परिवार की आर्थिक स्थिति को बेहतर बना सकें।

उपायुक्त ने कहा कि अल्पसंख्यक समुदायों के सशक्तिकरण के लिए सरकार एवं जिला प्रशासन कृतसंकल्पित है। सभी योजनाओं का लाभ पात्र लाभुकों तक पारदर्शी एवं निष्पक्ष प्रक्रिया के माध्यम से पहुंचाया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *