बाबा विद्यापति स्मारक समिति में कोजागरा पर्व मनाने का निर्णय
रांची :बाबा विद्यापति स्मारक समिति के कार्यालय में अध्यक्ष जयन्त झा की अध्यक्षता में आवश्यक बैठक आयोजित की गई। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि आगामी 25 अक्टूबर 2026, रविवार को समिति के कार्यालय में मिथिला की पारंपरिक संस्कृति एवं रीति-रिवाज के अनुरूप शरद पूर्णिमा के अवसर पर कोजागरा (महालक्ष्मी पूजा) पर्व धूमधाम से मनाया जाएगा।
बैठक में अध्यक्ष जयन्त झा ने कहा कि मिथिलांचल में शरद पूर्णिमा के दिन कोजागरा पर्व विशेष उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाने की परंपरा रही है। इस अवसर पर नवविवाहित कन्या पक्ष की ओर से वर पक्ष के यहां नए वस्त्र, पान, मखाना, चूड़ा, दही, चीनी, खाजा, लड्डू आदि भेजने की परंपरा है। इन सभी सामग्रियों को माता लक्ष्मी को भोग अर्पित करने के बाद समाज के लोगों के बीच प्रसाद स्वरूप वितरित किया जाता है।
उन्होंने बताया कि मान्यता है कि शरद पूर्णिमा की रात अमृत वर्षा होती है। इस दिन विशेष रूप से खीर बनाई जाती है, जिसे रातभर ओस/चांदनी में रखा जाता है और अगले दिन परिवार के सभी सदस्यों के बीच प्रसाद के रूप में वितरित किया जाता है।
बैठक में अध्यक्ष जयन्त झा के अलावा डॉ. पंकज रॉय, पूर्णेंदु ठाकुर, ज्ञानदेव झा, विश्व मोहन झा, उदित नारायण ठाकुर, आशु झा, वैद्य मनोज झा, राजेश झा, संतोष मिश्रा, विनय सिंह, रणजीत लाल दास, मृत्युंजय झा, राधेश्याम यादव, हेमंत झा, अनूप झा सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे। बैठक में सर्वसम्मति से 25 अक्टूबर 2026 को कोजागरा पर्व धूमधाम एवं पारंपरिक रीति-रिवाज के साथ मनाने का निर्णय लिया गया। उक्त जानकारी समिति के अध्यक्ष जयन्त झा ने दी।


