21 अक्टूबर से 108 एम्बुलेंस कर्मचारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल, आज NHM कार्यालय के समक्ष धरना
रांची: झारखंड प्रदेश एम्बुलेंस कर्मचारी संघ (सम्बद्ध भारतीय मजदूर संघ) के आह्वान पर 108 एम्बुलेंस कर्मचारियों का लंबित मांगों और श्रमिक अधिकारों को लेकर चरणबद्ध आंदोलन जारी है। कर्मचारियों की मांगों पर सरकार और संबंधित विभाग की ओर से अब तक ठोस पहल नहीं होने से कर्मचारियों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।
संघ के घोषित कार्यक्रम के अनुसार आज यानी 16 अक्टूबर को राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन कार्यालय के समक्ष शांतिपूर्ण एकदिवसीय धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। इसके बाद आंदोलन के अगले चरण में 21 अक्टूबर 2026 से राज्यव्यापी अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू करने की घोषणा की गई है।
झारखंड प्रदेश एम्बुलेंस कर्मचारी संघ के प्रदेश महामंत्री सह रांची जिला अध्यक्ष सूरज साहू ने बताया कि कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान को लेकर राज्य के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी से बैठक के लिए समय मांगा गया था, लेकिन अब तक समाधान की दिशा में बैठक आयोजित नहीं की गई है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग द्वारा पूर्व में लिए गए निर्णयों को लागू कराने और कर्मचारियों की लंबित मांगों का समाधान सुनिश्चित कराने के लिए संघ लगातार प्रयासरत है। संघ का कहना है कि वह हमेशा वार्ता के माध्यम से समाधान निकालने के पक्ष में रहा है।
सूरज साहू के मुताबिक, 16 सितंबर को स्वास्थ्य मंत्री की अध्यक्षता में हुई बैठक में कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान के लिए 15 से 20 दिनों का समय दिया गया था। निर्धारित अवधि बीत जाने के बावजूद मांगों पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने से कर्मचारियों में असंतोष बढ़ा है।
संघ ने आरोप लगाया कि कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान के बजाय एम्बुलेंस सेवा के संचालन के लिए वैकल्पिक व्यवस्था करने का निर्देश दिया जा रहा है। इसे संघ ने कर्मचारियों की मांगों की अनदेखी करार दिया है।
संघ की प्रमुख मांगों में 108 एम्बुलेंस सेवा का संचालन जिला स्तर पर सिविल सर्जन के माध्यम से शुरू करना, बर्खास्त कर्मचारियों की पुनर्बहाली, लंबित वेतन का भुगतान तथा कर्मचारियों को सभी श्रमिक एवं वैधानिक अधिकार सुनिश्चित करना शामिल है।
संघ ने सम्मान फाउंडेशन कंपनी और स्वास्थ्य विभाग को 16 अक्टूबर के आंदोलन की सूचना देते हुए सरकार से कर्मचारियों की समस्याओं का शीघ्र समाधान करने की मांग की है।
संघ ने स्पष्ट किया है कि जब तक मांगों पर ठोस निर्णय लेकर उनका क्रियान्वयन नहीं किया जाता, तब तक चरणबद्ध आंदोलन जारी रहेगा। संघ ने 21 अक्टूबर से प्रस्तावित राज्यव्यापी अनिश्चितकालीन हड़ताल के निर्णय पर कायम रहने की बात कही है।


