108 एम्बुलेंस कर्मचारी काला बिल्ला लगाकर कर रहे ड्यूटी, 21 को करेंगे भिक्षाटन

रांची : झारखंड प्रदेश एम्बुलेंस कर्मचारी संघ के आह्वान पर राज्यभर के 108 आपातकालीन एम्बुलेंस कर्मचारियों का चरणबद्ध आंदोलन जारी है। मंगलवार को कर्मचारियों ने काला बिल्ला लगाकर अपने कर्तव्यों का निर्वहन किया और लंबित मांगों के समर्थन में शांतिपूर्ण विरोध दर्ज कराया। संघ का कहना है कि कर्मचारी आपातकालीन सेवा को प्रभावित किए बिना अपनी मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे हैं, लेकिन सरकार की ओर से अब तक कोई ठोस पहल नहीं की गई है।
संघ की प्रमुख मांगों में अभियान निदेशक, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के पत्रांक 2499 (MD), दिनांक 6 अगस्त 2026 के निर्देशों का अनुपालन करते हुए जिला स्तर पर सरकारी माध्यम से 108 एम्बुलेंस सेवा का संचालन शुरू करना शामिल है। इसके अलावा सम्मान फाउंडेशन द्वारा सेवा से हटाए गए कर्मचारियों को संबंधित जिलों में पुन: बहाल करने, EPF, ESI, ओवरटाइम, ग्रेच्युटी, न्यूनतम वेतन सहित सभी वैधानिक अधिकार सुनिश्चित करने की मांग की गई है।
संघ के प्रदेश अध्यक्ष नीरज तिवारी ने कहा कि 108 एम्बुलेंस कर्मचारी हमेशा आपातकालीन परिस्थितियों में अपनी जिम्मेदारी निभाते रहे हैं। इसके बावजूद उनकी जायज मांगों पर सरकार की चुप्पी चिंता का विषय है। उन्होंने सरकार से तत्काल वार्ता कर समस्याओं का समाधान करने की मांग की।
संघ के अनुसार 14 से 19 सितंबर तक कर्मचारी काला बिल्ला लगाकर कार्य करेंगे। 19 सितंबर को कैंडल मार्च, 21 सितंबर को भिक्षाटन, 23 सितंबर को धरना-प्रदर्शन और 25 सितंबर को राज्यव्यापी एक दिवसीय पूर्ण हड़ताल के साथ NHM कार्यालय, नामकुम के समक्ष धरना दिया जाएगा। इसके बाद 28 सितंबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल प्रस्तावित है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *