एफजेसीसीआई चुनाव: पंडरा बाजार पहुंची टीम तुलसी, व्यापारियों की समस्याएं जानीं,सड़क, बिजली, पानी और साफ-सफाई की समस्या उठी, समाधान का दिया भरोसा

रांची : फेडरेशन झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री चुनाव का प्रचार अभियान अब अंतिम दौर में पहुंच गया है। चुनाव में तीन टीमें—टीम तुलसी पटेल, टीम मुकेश अग्रवाल और पी-21—मैदान में हैं। करीब 4200 मतदाता चैंबर की नई कार्यकारिणी के लिए मतदान करेंगे। ऐसे में तीनों टीमों ने व्यापारियों से सीधा संपर्क बढ़ा दिया है और दिन-रात जनसंपर्क अभियान में जुटी हैं।
गुरुवार को टीम तुलसी पटेल के प्रत्याशियों ने पंडरा बाजार और मेन रोड क्षेत्र का दौरा कर व्यापारियों से मुलाकात की। इस दौरान दुकानदारों ने बाजार की बुनियादी समस्याओं को टीम के सामने रखा। व्यापारियों ने सड़क की बदहाल स्थिति, बिजली-पानी की समस्या और साफ-सफाई की व्यवस्था को लेकर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि व्यापारियों को बेहतर कारोबार के लिए मूलभूत सुविधाओं की जरूरत है। टीम तुलसी ने व्यापारियों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर उठाने और उनके समाधान के लिए संबंधित विभागों से समन्वय करने का भरोसा दिया।
व्यापारियों के बीच पहुंच रहीं तीनों टीमें
चुनाव प्रचार के दौरान लगातार व्यापारियों के साथ संवाद कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। बुधवार की देर शाम टीम तुलसी पटेल ने होटल कैपिटल हिल में व्यापारियों के साथ संवाद किया। वहीं टीम मुकेश अग्रवाल की ओर से अग्रसेन भवन में संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। दोनों कार्यक्रमों में शहर के कई प्रमुख व्यवसायी शामिल हुए।
गुरुवार को टीम मुकेश अग्रवाल की ओर से कांके रोड स्थित होटल मैरियट में जूस पार्टी का आयोजन किया गया। चुनाव प्रचार के इस दौर में दोनों प्रमुख टीमों के बीच मुकाबला दिलचस्प होता दिख रहा है। हालांकि पी-21 भी अपनी जीत का दावा कर रही है। तीनों टीमें व्यापारियों के बीच अपनी पकड़ मजबूत करने में जुटी हैं।
मजबूत चैंबर की व्यापारियों ने जताई जरूरत
राजधानी के अपर बाजार, जलान रोड, पंडरा बाजार और मेन रोड के व्यापारियों के बीच भी चुनाव को लेकर चर्चा तेज है। अलग-अलग दुकानदारों से बातचीत में किसी ने टीम तुलसी पटेल को बेहतर विकल्प बताया, तो किसी ने टीम मुकेश अग्रवाल के प्रति भरोसा जताया। हालांकि अधिकांश व्यापारियों का कहना है कि चुनाव के बाद जो भी टीम जीतकर आए, उसकी पहली प्राथमिकता व्यापारियों की समस्याओं का समाधान होना चाहिए।
व्यापारियों ने कहा कि नगर निगम और जिला प्रशासन की कार्रवाई के दौरान अक्सर दुकानदारों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। ऐसे में चैंबर नेतृत्व को मजबूत और प्रभावी होना चाहिए, ताकि व्यापारियों की आवाज को सरकार और प्रशासन के सामने मजबूती से रखा जा सके। व्यापारियों का कहना है कि उन्हें राजनीति से ज्यादा अपने कारोबार और रोजमर्रा की समस्याओं के समाधान की चिंता है।
टीम तुलसी में 21 प्रत्याशी
टीम तुलसी पटेल की ओर से अमित शर्मा, आदित्य साह, अनिल अग्रवाल, अरुण भारतीय, ज्योति कुमारी, साहित्य पवन, कमलेश संचेती, कुलवंत सिंह, मनीष सर्राफ, मोनिका गोइंका, नवजोत अलंग, राहुल साबू, पूजा डागा, रोहित अग्रवाल, राम बांगर, रोहित पोद्दार, विकास विजयवर्गीय, विनीता सिंघानिया और शैलेश अग्रवाल समेत कुल 21 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *