बड़ानी गांव के जोजोऊली एवं तुम्बाऊली टोला में आज भी अंधेरे में जीने को मजबूर ग्रामीण : विलसन तोपनो
खूंटी : अड़की प्रखंड अंतर्गत तोरांग पंचायत के बड़ानी गांव के जोजोऊली एवं तुम्बाऊली में ग्रामीणों द्वारा आहूत बैठक में आदिवासी कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष सह सांसद प्रतिनिधि विलसन तोपनो उपस्थित हुए।
बैठक में ग्रामीणों ने अपनी समस्याओं से अवगत कराते हुए बताया कि बड़ानी से बीरंबाकी मुख्य पथ से गांव की दूरी महज 100-200 मीटर है, परन्तु आज तक गांव में बिजली की कोई व्यवस्था नहीं हो पाई है। वर्षों पहले उक्त मुख्य पथ से लोहे के पोल और बिजली के तार खींचे गए थे, पर गांव को इसका लाभ नहीं मिला। कुछ महीने पहले ही सीमेंट पोल और नए तार खींचे गए हैं, परन्तु दुर्भाग्य की बात है कि इस बार भी पूरे गांव में एक भी पोल नहीं दिया गया है।
ग्रामीणों ने कहा कि बिजली नहीं होने से बच्चों की पढ़ाई-लिखाई बुरी तरह प्रभावित हो रही है। शाम होते ही पूरे गांव में अंधेरा छा जाता है।
ग्रामीणों ने आरोप लगाते हुए कहा कि नई खींची गई तार मेन रोड पर जगह-जगह टूटी हुई पड़ी है, जिसका सुध लेने वाला कोई नहीं है। विभाग की यह घोर लापरवाही है।
वही दूसरी ओर ग्रामीणों ने बताया कि सैकड़ों की संख्या वाले ग्राम में आवास योजना का आवेदन भरने के बाद भी अभी तक किसी को लाभ नहीं मिल पाया है
इस मौके पर श्री विलसन तोपनो ने कहा कि यह अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है उन्होंने कहा कि इस गंभीर मामले को वे अविलंब खूंटी सांसद कालीचरण मुंडा जी एवं संबंधित विभाग के वरीय अधिकारियों के समक्ष रखेंगे और जल्द से जल्द गांव में बिजली बहाल कराने का प्रयास करेंगे ।
मौके पर अड़की प्रखंड आदिवासी कांग्रेस के सुरेन्द्र नाथ मुण्डा, अर्पण नाग, ईसाक मुण्डा, जीवन मुण्डा, एवं ग्रामीण उपस्थित थे


