कैंसर रिकंस्ट्रक्टिव सर्जरी की आधुनिक तकनीकों पर लाइव ऑपरेटिव सिम्पोजियम का आयोजन

रांची : बिहार एंड झारखंड प्लास्टिक सर्जन एसोसिएशन एवं वनांचल ऑन्कोलॉजी फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को कोकर स्थित झारखंड कैंसर सेंटर में एक दिवसीय लाइव ऑपरेटिव सिम्पोजियम ‘झारखंड ऑन्कोरकॉन 2026’ का आयोजन किया गया। सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य कैंसर सर्जरी के बाद मरीजों में होने वाली शारीरिक विकृतियों को आधुनिक प्लास्टिक एवं माइक्रोवैस्कुलर सर्जरी के माध्यम से ठीक करने की तकनीकों पर विशेषज्ञों के बीच चर्चा और प्रशिक्षण देना था।
कार्यक्रम में विशेष रूप से ओरल एवं हेड-नेक कैंसर की सर्जरी के बाद चेहरे, जबड़े तथा बोलने और निगलने की क्षमता को पुनर्स्थापित करने से जुड़ी आधुनिक रिकंस्ट्रक्टिव तकनीकों पर चर्चा हुई। आयोजन अध्यक्ष डॉ. कुमार सौरभ और आयोजन सचिव डॉ. प्रिंस गुप्ता के नेतृत्व में होने वाले इस कार्यक्रम में टाटा मेमोरियल हॉस्पिटल, मुंबई के कैंसर रिकंस्ट्रक्शन विशेषज्ञ डॉ. विनीत पिलानिया मुख्य वक्ताओं ने इसपर अपनी बातों को रखा। वे ओरल कैंसर रिकंस्ट्रक्शन की प्लानिंग और आधुनिक तकनीकों पर व्याख्यान दिया।
सिम्पोजियम का प्रमुख आकर्षण ऑपरेशन थिएटर से लाइव सर्जरी का प्रसारण हुआ। इसमें जबड़े के पुनर्निर्माण के लिए फ्री फिबुला ऑस्टियोक्यूटेनियस फ्लैप, फ्री एंटेरोलैटरल थाई फ्लैप तथा गाल के कैंसर दोषों के पुनर्निर्माण के लिए फ्री रेडियल फोरआर्म फ्लैप जैसी जटिल तकनीकों का प्रदर्शन किया गया।
इसके अलावा वैज्ञानिक सत्र में ओरल कैंसर, नेक डिसेक्शन, फ्लैप एनाटॉमी तथा कैंसर उपचार में रेडियोथेरेपी और इम्यूनोथेरेपी की भूमिका पर विशेषज्ञ अपने विचार साझा किया। डॉ. अजय कुमार सिंह, डॉ. अरविंद प्रकाश, डॉ. अनंत सिन्हा, डॉ. ललित मिंज, डॉ. संजय कुमार गुप्ता, डॉ. वीणा के. सिंह, डॉ. अमितेश आनंद, डॉ. अमर प्रेम और डॉ. विक्रांत रंजन समेत कई विशेषज्ञ इसमें शामिल हुए।
आयोजकों के अनुसार, सम्मेलन से झारखंड और बिहार के युवा सर्जनों को अत्याधुनिक कैंसर रिकंस्ट्रक्टिव सर्जरी की तकनीकों को करीब से सीखने का अवसर मिलेगा। इससे राज्य में ही जटिल कैंसर मरीजों को बेहतर उपचार, पुनर्वास और जीवन की गुणवत्ता उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *