नामकुम में सड़क निर्माण कार्य के दौरान कंटेनर की चपेट में आए मजदूर, दो की मौत
रांची: नामकुम थाना क्षेत्र अंतर्गत पुराना रामपुर के समीप एनएच-33 पर शनिवार को सड़क निर्माण कार्य में लगे मजदूरों को तेज रफ्तार कंटेनर ने अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में दो मजदूरों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मजदूर एनएच-33 पर सड़क निर्माण कार्य में जुटे थे। इसी दौरान एक कंटेनर अनियंत्रित होकर मजदूरों की ओर जा पहुंचा और उन्हें कुचलते हुए आगे निकल गया। दुर्घटना के बाद कंटेनर भी अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी और घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की। सूचना मिलने के बाद नामकुम थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
फिलहाल पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। कंटेनर चालक के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है। हादसे के बाद एनएच-33 पर कुछ देर के लिए यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कंटेनर को हटाने की कार्रवाई शुरू कर दी है।


