दबंग थार चालक ने पुलिस कर्मी को कुचला,घायल
रांची: मोरहाबादी मैदान के पास पुलिस वाहन जांच के दौरान एक थार चालक की दबंगई सामने आई। पुलिसकर्मियों ने जब वाहन को जांच के लिए रोकने की कोशिश की, तो चालक ने रुकने के बजाय तेज रफ्तार से गाड़ी भगाने की कोशिश की और इसी दौरान लालपुर थाना के ड्राइवर को टक्कर मार दी। घटना के बाद चालक मौके से फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार, मोरहाबादी मैदान के पास स्थित पार्क प्राइम होटल के समीप लालपुर थाना की पुलिस रूटीन क्राइम चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान पुलिस की नजर एक थार पर पड़ी, जिसका अगला शीशा पूरी तरह टूटा हुआ था। संदेह होने पर पुलिसकर्मियों ने वाहन को रोककर जांच करने का प्रयास किया।
लेकिन थार चालक ने वाहन रोकने के बजाय तेज गति से भागने की कोशिश की। इसी दौरान उसने लालपुर थाना के चालक राजेश यादव को टक्कर मार दी। टक्कर लगने से राजेश यादव घायल हो गए। उनके सिर में चोट आई, जिसके बाद उन्हें तत्काल इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया।
घटना के बाद थार चालक वाहन लेकर फरार हो गया। पुलिस अब आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच कर रही है, ताकि वाहन और चालक की पहचान की जा सके। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी भी कर रही है। रांची के सिटी डीएसपी केवी रमन ने बताया कि वाहन चालक की तलाश जारी है। पुलिस जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लेगी।


