मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन ने झारखंड के पूर्व मंत्री दिवंगत मन्नान मल्लिक को दी भावपूर्ण श्रद्धांजलि
रांची : मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने झारखंड के पूर्व मंत्री मन्नान मल्लिक के आकस्मिक निधन पर गहरा दुःख व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन एवं उनकी धर्मपत्नी विधायक श्रीमती कल्पना सोरेन आज झारखंड विधानसभा पहुंचकर दिवंगत मन्नान मल्लिक जी के पार्थिव शरीर पर पुष्पचक्र अर्पित कर उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी। मुख्यमंत्री ने मरांग बुरु से दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान कर शोकाकुल परिजनों, समर्थकों एवं शुभचिंतकों को इस कठिन घड़ी में संबल प्रदान करने की प्रार्थना की। मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन ने पूर्व मंत्री मन्नान मल्लिक के निधन पर शोक जताते हुए कहा कि वे लम्बे समय तक जनसेवा और सार्वजनिक जीवन में सक्रिय रहे, उन्होंने झारखंड, विशेषकर धनबाद की जनता की आवाज़ को मजबूती से उठाने का काम किया। उनके निधन से राज्य ने एक अनुभवी जनप्रतिनिधि और सामाजिक सरोकारों से जुड़े नेता को खो दिया है। उनका निधन अपूरणीय क्षति है, उनकी कमी सदैव महसूस होगी।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन एवं उनकी धर्मपत्नी विधायक कल्पना सोरेन ने इस दौरान पूर्व मंत्री दिवंगत मन्नान मल्लिक के शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात कर गहरी संवेदना प्रकट की तथा उनको ढांढ़स बंधाया। उल्लेखनीय है कि झारखंड के पूर्व मंत्री मन्नान मल्लिक पिछले कुछ समय से बीमार चल रहे थे। आज सुबह रांची के एक निजी अस्पताल में उन्होंने अंतिम सांस ली।


